पुरानी बाजार चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर
- लॉक डाउन का पालन कराने में कोताही पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। ड्यूटी में लापरवाही बरतना पुरानी बाजार चौकी इंचार्ज को भारी पड़ गया है। एसपी अशोक कुमार ने रविवार की रात उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। उन पर लॉक डाउन के दौरान लागू पाबंदियों का सही ढंग से पालन न करने का आरोप है। हालांकि महकमे में राजनीतिक दवाब में कार्रवाई की बात कही जा रही है।
सदर कोतवाली अंतर्गत पुरानी बाजार चौकी पर बतौर इंचार्ज सुरेश कुमार सिंह की तैनाती दो माह पहले ही की गई थी। दो दिन पूर्व इस क्षेत्र में एक युवक लंच पैकेट बांट रहा था। इससे मौके पर भीड़ लग गई। इसी दौरान एसपी अशोक कुमार रास्ते से गुजर रहे थे। एक जगह भीड़ एकत्रित देखकर खफा हो गए। उन्होंने चौकी इंचार्ज से जवाब तलब किया। संतुष्ट न होने पर लाइन हाजिर कर दिया। सदर कोतवाली में तैनात एसआई ओमप्रकाश वर्मा को चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरेश कुमार इसके पूर्व गौराबादशाहपुर थाने के प्रभारी थे। लापरवाही के कारण ही एसपी ने उन्हें उसी थाने का सेकेंड इंचार्ज बनाकर नए एसओ की तैनाती कर दी थी। कुछ दिनों बाद सुरेश कुमार को पुरानी चौकी पर तैनात कर दिया था।