पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने रात में उदयराज के सिर पर भारी वस्तु से वार किया। मौके पर खून फैला मिला और दुकान की दीवार पर भी खून के छींटे पाए गए। हत्या के बाद बदमाशों ने सराफा दुकान की लकड़ी की किवाड़ तोड़ दी और अंदर घुसकर सामान लूट लिया। दुकान में सामान बिखरा मिला। घटना के बाद पुलिस लूटे गए सामान का आकलन करने में जुटी है।
विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के संचालक खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ हैं। सोमवार सुबह दुकान का दरवाजा टूटा मिला। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों से भी फोर्स बुला ली गई। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
दुकान के बाहर पुलिस और भीड़।
- फोटो : संवाद
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही बाजार के दुकानदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से बाजार में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या और लूट दोनों पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है।
उदयराज चार भाइयों में था। उसके भाई अभयराज और छविराज यादव की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है। मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका समेत परिजन घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभियोग दर्ज किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।