किशोरी के साथ मनमानी करने में असफल युवक ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी फोटो और वीडियो वायरल कर दिया। किशोरी के पिता की शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने मंडुवाडीह क्षेत्र के चांदपुर स्थित बजरंग नगर निवासी आशुतोष पाठक उर्फ आशु पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को बरामद करके आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मंडुवाडीह क्षेत्र की एक किशोरी के पिता ने साइबर क्राइम थाने की पुलिस से शिकायत की थी। पिता के मुताबिक, सोशल मीडिया की एक आईडी से उनकी बेटी की अश्लील फोटो और वीडियो को शेयर किया जा रहा है। बेटी मना करती है तो धमकाया जाता है। कहा जाता है कि तुम्हारे मां-बाप को मरवा देंगे। इससे परेशान बेटी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्र ने अपनी टीम की इंस्पेक्टर अनीता सिंह, दरोगा नीलम सिंह, हेड कांस्टेबल श्याम लाल गुप्ता व आलोक कुमार सिंह और कांस्टेबल चंद्रशेखर यादव के साथ जांच शुरू की। सर्विलांस की मदद से आशुतोष पाठक चिह्नित हुआ और गिरफ्तार कर लिया गया।
-
एक आईडी से सहानुभूति जताता था, दूसरी से परेशान करता था
पुलिस की पूछताछ में आरोपी आशुतोष ने बताया कि उसने बीसीए किया है। सोशल मीडिया पर दो फर्जी आईडी बनाई थी। किशोरी को कई बार फुसलाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद किशोरी की फोटो और वीडियो को एडिट कर उन्हें अश्लील रूप दे दिया। साथ ही उसके स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में भी शेयर कर दिया था। सोशल मीडिया की एक आईडी से वह किशोरी की अश्लील फोटो और वीडियो शेयर करता था। दूसरी आईडी से वह उससे सहानुभूति जताता था। इस वजह से किशोरी उसकी दूसरी आईडी पर विश्वास करती थी।