बीएचयू के बिरला सी हॉस्टल में रहने वाले छात्र सामंत सोनकर का कमरा निरस्त होने के विरोध में छात्र हॉस्टल के बाहर निकल आए। यहां रास्ता जाम कर धरने पर बैठ गए। देर शाम छात्रों के धरने पर बैठने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर प्रो. अभिमन्यु सिंह ने समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र तुरंत कमरा बहाली की मांग पर अड़े रहे। इधर, छात्रों के रास्ता जाम करने की वजह से बिरला हॉस्टल वाले रास्ते से आगे जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्राें के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई।
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में पीजी की सीट वृद्धि को लेकर छह दिन से धरने पर बैठे छात्रों ने बुधवार की शाम को वीसी आवास से सिंह द्वार तक कैंडल मार्च निकाला। विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। सैकड़ों छात्र हाथ में कैंडल लेकर सिंह द्वार तक गए। इसके बाद वहां से वापस धरना स्थल पर आए।
कहा कि पांच साल से सीट वृद्धि की मांग की जा रही है। संकाय प्रमुख भी बातचीत के लिए आए लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकाला। चेतावनी दी कि जब तक मांगें नहीं मान ली जाती है, तब तक धरना जारी रहेगा। लिहाजा छात्रों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। इधर छात्रों के धरने की वजह से वीसी आवास से एलडी गेस्ट हाउस तक का बंद रास्ता नहीं खुल सका है।