आईआईटी बीएचयू के मालवीय नवप्रवर्तन केंद्र की अनूठी पहल
- फोटो : demo pic
महिला सशक्तिकरण के लिए आईआईटी बीएचयू ने खास पहल की है। यहां संचालित स्टार्ट अप यंग स्किल्ड इंडिया की ओर से महिलाओं को जॉब स्किल्ड ट्रेनिंग, स्टार्टअप और इस क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों आदि के बारे में जागरूक करने के साथ ही उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद चुनिंदा महिलाओं को प्रोफेशनल्स स्किल्स अंबेसडर का दर्जा दिया जाएगा। संस्थान के मालवीय नवप्रवर्तन केंद्र की ओर से इसके लिए इनरव्हील क्लब के साथ समझौता हो चुका है।
आईआईटी बीएचयू केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. पीके मिश्रा के निर्देशन में चल रहे नवप्रवर्तन केंद्र के स्टार्ट अप यंग स्किल्ड इंडिया के तहत महिलाओं को एंट्रेप्रेन्योरशिप के गुर बताने के साथ ही उन्हें इसका महत्व समझाते हुए स्वावलंबी बनाया जाएगा।
एक दिन की नि:शुल्क वर्कशॉप के बाद इस क्षेत्र में आने की इच्छुक महिलाओं को दो महीने का कोर्स कराया जाएगा। 6000 फीस के साथ महिलाएं स्टार्ट अप से जुड़ सकेंगी। इसके लिए शहर में वनिता पॉलीटेक्निक सेंटर समेत तीन स्थान तय किए गए हैं। इस पहल से उन महिलाओं को लाभ होगा जो पढ़ी-लिखी तो हैं लेकिन अवसर और आत्मविश्वास की कमी की वजह से स्वरोजगार में पिछड़ जाती हैं।
ऐसी महिलाओं को इंग्लिश स्पीकिंग, जॉब के लिए प्रेजेंटेशन स्किल डिसीजन मेकिंग, बिज़नेस इनीशिएटिव, प्रॉब्लम सॉल्विंग के साथ इंटरनेट के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। मकसद है कि वे किसी जॉब या खुद का व्यवसाय एक ट्रेंड प्रोफेशनल की तरह कर सकें। इनरव्हील क्लब ऐसी महिलाओं को तलाश कर रही है।
यंग स्किल्स इंडिया के संस्थापक नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं में जॉब स्किल्स बढ़ाना स्टार्ट अप का उद्देश्य है। मार्च के पहले सप्ताह से वर्कशॉप सहित अन्य कोर्स शुरू हो जाएंगे। हेल्पलाइन नंबर 8009321506 से इस बारे में और जानकारी ली जा सकती है।