एनटीए शैक्षणिक सत्र 2025 की परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार सेवारत व सेवानिवृत्त अधिकारियों का पर्यवेक्षक समूह कर रहा तैयार
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की राष्ट्रीय दाखिला प्रवेश परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए अब सेवानिवृत्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारी और राजपत्रित अधिकारी पर्यवेक्षक होंगे। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए परीक्षाओं को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। एनटीए परीक्षाओं की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों का पूल (समूह) बना रहा है। स्कूल और उच्च शिक्षा में दाखिला परीक्षाओं के लिए पर्यवेक्षकों की अलग-अलग टीम होगी। समूह में अब केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राजपत्रित अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा। एनटीए नीट यूजी 2024 की परीक्षा में गड़बड़ी और लीक के बाद अब आगामी राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं को इसरो पूर्व प्रमुख डॉ. राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के तहत फुलप्रूफ बना रहा है। पहली बार एनटीए पर्यवेक्षकों का समूह बना रहा है। इसमें तीन श्रेणियां होंगी, जिसमें सेवारत और सेवानिवृत सरकारी अधिकारियों के साथ-साथ अन्य श्रेणियों के अधिकारियों का एक समूह बनेगा।
विज्ञापन
पर्यवेक्षक बनने के लिए सिफारिश नहीं, बल्कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा। इसके आधार पर आगे एनटीए समिति पर्यवेक्षक के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करेगी। उससे पहले उनके ट्रैक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। इसमें संबंधित अधिकारियों के विभागों से वेरिफिकेशन भी शामिल है। एनटीए अधिकारियों के साथ-साथ अब पर्यवेक्षकों पर परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने की जिम्मेदारी तय की गई है। उनके कामकाज में भी बदलाव हुआ है। उन्हें जिम्मेदारियों और कामकाज का शपथपत्र भरकर देना होगा। इसके अलावा स्कूल व उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य भी आवेदन कर सकेंगे।
अब परीक्षा केंद्र के गेट पर सत्यापन व जांच भी शामिल पहले पर्यवेक्षक सिर्फ परीक्षा में नकल रोकने से लेकर प्रश्न-पत्रों की पेटी या सील ओपन होने तक जांचने का काम करते थे। लेकिन अब पर्यवेक्षक की निगरानी में परीक्षा केंद्र पर तलाशी और उम्मीदवारों की पहचान का सत्यापन होगा। गेट पर महिला उम्मीदवारों की जांच के दौरान संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाएगा। तलाशी लेने वाले कर्मी को लिंग, धार्मिक, सामाजिक-सांस्कृतिक भावनाओं का ध्यान रखना होगा। बार कोड रीडर और पहचान प्रमाण सत्यापन के माध्यम से प्रवेश पत्र सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। यह भी महत्वपूर्ण पर्यवेक्षक क्लासरूम में बैठने की व्यवस्था-दूरी, पानी, सीसीटीवी, कंप्यूटर आदि की पूरी व्यवस्था स्वयं जांचेंगे। उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र, उपक्रम और रफ शीट को निर्दिष्ट बक्सों में डालने की जानकारी देनी होगी।