उत्तर प्रदेश के ज्यादा प्रदूषित शहरों में शासन ने कम प्रदूषण फैलाने वाले पेट्रोल की सप्लाई कराने की तैयारी की है। इससे हवा में जहरीले रसायनों की मात्रा में कमी आ सकेगी। सूबे में वाराणसी समेत 15 शहरों की हवा में ज्यादा प्रदूषण है। यहां की हालत खराब होती जा रही है।
सुबह-शाम वाहनों का दबाव बढ़ने पर इन शहरों के ज्यादातर चौराहे गैस चैंबर जैसे हो जाते हैं। शासन ने पिछले दिनों लखनऊ में संबंधित शहरों के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्थानीय स्तर पर व्यवस्था बनाने को कहा गया था।
इसके लिए नगर निकायों के अधिकारियों, प्रशासनिक अफसरों, परिवहन अधिकारियों, रोडवेज व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को बुलाया गया था। वाहनों के धुएं से निकलने वाली जहरीली गैस लोगों को नुकसान पहुंचाती हैं।
अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी थी। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही प्रदूषित शहरों में कम प्रदूषण फैलाने वाला पेट्रोल-डीजल बीएस-6 मानक का देने की तैयारी है। पहले इसके लिए अप्रैल 2019 का समय तय किया गया था, लेकिन प्रदुषण के बढ़ते मानक के चलते इसको 2018 में ही लाने की तैयारी है।
सूबे के ज्यादा प्रदूषित शहर
सहायक पर्यावरण अधिकारी रोहित कुमार सिंह ने कहा कि मुरादाबाद, गजरौला, बरेली, गाजियाबाद, खुर्जा, नोएडा, आगरा, इलाहाबाद, अनपरा, फिरोजाबाद, झांसी, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली व वाराणसी शहरों की हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इन सभी शहरों में कम प्रदूषण फैलाने वाले डीजल-पेट्रोल की सिफारिश की गई थी।
बीएस-6 श्रेणी के डीजल-पेट्रोल के साथ ही बीएस-6 श्रेणी के वाहनों की सिफारिश की गई है। कंपनियों ने इनको तैयार करना शुरू कर दिया है। तब तक बीएस-4 श्रेणी के वाहनों में भी नए डीजल-पेट्रोल का प्रयोग किया जा सकता है। इनसे प्रदूषण में गिरावट आएगी।
वाहन चालकों को यह डीजल-पेट्रोल सामान्य की दर पर ही दिया जाएगा। हमको पहले बीएस-5 श्रेणी के वाहन लाने थे, लेकिन बढ़ते प्रदूषण के चलते बीएस-4 से सीधे बीएस-6 केवाहन लाए जा रहे हैं।