बीएचयू में स्नातक और परास्नातक के छात्रों को हॉस्टल खाली करने का नोटिस दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा खत्म होने के बाद 72 घंटे के अंदर कमरा खाली करने को कहा है। हॉस्टलों में नोटिस बोर्ड पर भी सूचना चस्पा कराई जा चुकी है। विश्वविद्यालय में इन दिनों ऑनलाइन ओपन बुक प्रणाली से यूजी, पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। समयसारिणी के अनुसार 14 अगस्त तक परीक्षाएं चलेंगी। छात्र अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से आदेश की कॉपी सभी छात्रावासों के संरक्षक, प्रशासनिक संरक्षक सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है। बताया जा रहा है कि इसके बाद नियमानुसार शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद हॉस्टल आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।