जिलाधिकारी ओम प्रकाश आर्य ने इन शस्त्र लाइसेंसों पर खरीदे गए असलहों को जब्त करने को कहा है। इस कार्रवाई में उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, सीओ मुहम्मदाबाद आदि लगे हुए हैं। उधर विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी के नाम से जारी शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की नोटिस जिलाधिकारी द्वारा जारी किया गया।
नोटिस के तामिले के लिए लखनऊ भेजी गई पुलिस टीम ने विधायक के आवास पर पहुंचकर नोटिस तामिला कराया। इसके बाद विधायक के बेहद करीबी मुहम्मदाबाद नगर के युसुफपुर निवासी मिसबाहुद्दीन अहमद के लखनऊ आवास पहुंची। उनके नाम से जारी शस्त्र लाइसेंस पर खरीदी गई एसबीबीएल गन एवं एक अन्य लाइसेंस पर खरीदी गई एनपीबी राइफल के लाइसेंस को निरस्त करते हुए उसे जब्त कर अपने साथ ले आई है।
इसके अलावा मुख्तार अंसारी के बड़े भाई पूर्व विधायक शिवगतुल्लाह अंसारी के तीन शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने के बाद उस पर जारी दो असलहों को मुहम्मदाबाद से 24 जून को उनके आवास से तथा एक असलहे को जमानिया स्थिति बंदूक की दुकान से प्राप्त कर जमा करा लिया है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा सांसद अफजाल अंसारी को भी उनके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की नोटिस तामिल करा दी गई है। विधायक के करीबियों मिसबाहुद्दीन अहमद, जाकीर हुसेन उर्फ विक्की, विक्रम अग्रहरी, अलाउद्दीन सिद्दिकी, अबु फखर खां, रुद्रनारायण राय, शशांक राय, रविकांत राय तथा बीना राय के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर असलहों को जमा कराया गया है।