चौकाघाट-हुकुलगंज मार्ग स्थित गीता नगर कालोनी में वरुणा किनारे अतिक्रमण ढहाने पहंुची टीम को क्षेत्रीय लोगों के विरोध के कारण्ा लौटना पड़ा।
वरुणा कॉरिडोर में बने अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई सोमवार को कड़े विरोधों के चलते आगे नहीं बढ़ सकी। चौकाघाट स्थित गीता नगर कॉलोनी में पहुंची वीडीए की टीम को स्थानीय लोगों का जबरदस्त विरोध झेलना पड़ा। टीम के साथ धक्का-मुक्की तो हुई ही, उनको बंधक बनाने का भी प्रयास किया गया। भारी विरोध को देखते हुए टीम वापस लौट गई। तहसीलदार डीके सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण वरुणा कॉरिडोर में वीडीए की ओर से निर्धारित की हरित पट्टी की जद में किए है।
हुकुलगंज के पास वरुणा तट पर स्थित गीता नगर कॉलोनी में यश भारती प्राप्त प्रसिद्ध बिरहा लोक गायक हीरा लाल यादव के निर्माण को ढहाने के लिए पहुंची वीडीए की टीम को कड़े विरोधों का सामना करना पड़ा। वरुणा कॉरिडोर से लगी हरित पट्टी में आने वाले निर्माण के हिस्से को गिराने वीडीए के लिए वीडीए की टीम जेई आरके सिंह के नेतृत्व में पहुंची थी। जेसीबी जैसे ही निर्माण तोड़ने के लिए आगे बढ़ी, स्थानीय लोगों ने टीम के सदस्यों को घेर लिया। निर्माण गिराने की इस कार्रवाई के दौरान फोर्स के न होने की वजह से टीम केसाथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई। लोगों ने टीम के सदस्यों को बंधक बनाने का प्रयास किया। विषम परिस्थितियां देख टीम के सदस्यों ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और वापस लौट गए।