जिले में पर्याप्त कोरोना वैक्सीन न मिलने की वजह से एक जुलाई से शुरू होने वाले टीकाकरण के महाअभियान पर ग्रहण लग गया है। जब तक पर्याप्त डोज नहीं मिल जाती, तब तक फिलहाल शहरी और ग्रामीण इलाकों में महाअभियान शुरू होने को लेकर संशय बना है। इधर कोरोना वैक्सीन न होने की वजह से बुधवार को टीकाकरण ठप रहा। बीएचयू, महिला अस्पताल, आयुर्वेद कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। यहां बच्चों को बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी और ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण का ग्राफ बढ़ाने के लिए एक जुलाई से कलस्टर बनाकर एक दिन में 50 हजार टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। गांवों में ग्राम प्रधान जबकि शहर में पार्षदों के सहयोग से चलने वाले अभियान के लिए टीमों के गठन सहित अन्य प्रक्रिया पूरी हो गई थी। बस टीके का इंतजार था। बुधवार को जिले में कही टीका नहीं लगाया गया। देर शाम शासन से केवल दस हजार डोज टीका मिल सका है। इस वजह से एक जुलाई से शुरू होने वाला महाअभियान नहीं शुरू हो पाएगा। इस बीच अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार को टीका न लगाए जाने की नोटिस चस्पा रही। यहां आने वाले लोगों को कर्मचारी वापस करते रहे। बृहस्पतिवार को जिले में 36 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। नियमितबच्चों को महिला अस्पताल कबीरचौरा, काशी विद्यापीठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी सीएचसी चौकाघाट में बीसीजी, हेपेटाइटिस समेत अन्य टीके लगाए गए।
00000
जिले में पर्याप्त कोरोना डोज न मिलने की वजह से ही एक जुलाई से महाअभियान अभी नहीं शुरू होगा। दो-तीन बाद पर्याप्त टीका मिलने की संभावना है। इसके बाद से महाअभियान पर फैसला किया जाएगा।-डा. वीबी सिंह, सीएमओ