जिला योजना समिति का चुनाव 25 को, 13 में 12 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। जिला योजना समिति के लिए ओबीसी वर्ग की महिला सीट पर बुधवार को नाम वापसी नहीं हुई। ओबीसी महिला वर्ग पर भाजपा की इंद्रा रानी और कांग्रेस से शबाना अंसारी मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के मैदान में डटे रहने के बाद अब इस पद के लिए 25 जून को मतदान होगा।
जिला योजना समिति में ओबीसी महिला के चयन के लिए 25 जून को रायफल क्लब सभागार में सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक मतदान होगा। इसमें 12 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। जिला योजना समिति में शामिल होने के लिए 14 जनप्रतिनिधियों ने नामांकन किया है। नामांकन करने वालों में नगर निगम के 13 पार्षद और गंगापुर नगर पंचायत से एक महिला सभासद शामिल हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार ने बताया बुधवार को दिन भर इंतजार के बाद कोई नाम वापसी के लिए नहीं आया। नगर निकाय के चुनाव के बाद जिला योजना समिति के 13 पदों पर चुनाव कराया जा रहा है।