वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में निर्माणाधीन मकान में मिले दो शवों के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। दोनों की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई है। स्पष्ट पता लगाने के लिए दोनों का विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है। बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन मकान में अभिजीत गांगुली (47) निवासी लालपुर पांडेयपुर और निहला सिंह (42) निवासी जौनपुर के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। अभिजीत का शव कमरे के अंदर जबकि निहला सिंह का शव बाथरूम में पड़ा मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि विषाक्त के सेवन से ही दोनों की मौत हुई है। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। संवाद