संत रविदास का पूजन करते सीएम योगी।
- फोटो : संवाद
योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कन्नौज के बाबा आंबेडकर मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया था, जिसे हमने फिर बाबा आंबेडकर के नाम पर किया है। उन्होंने औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम भी माता अहिल्याबाई के नाम से बदल दिया था। जालंधर एयरपोर्ट का नामकरण संत रविदास और अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम संत वाल्मीकि के नाम पर किया गया है। यह बात बांटने वाले लोग स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उनके आदर्श बाबर और औरंगजेब हैं।
उन्होंने कहा निर्माण श्रमिकों के लिए सरकार ने उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए 18 मंडलों पर अटल आवासीय विद्यालय बनाए हैं। जिसमें वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर है। सीएम ने कहा कि सरकार प्रदेश में सभी जिलों में बाबा आंबेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय बनाने का काम करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी एलान किया कि आंबेडकर, संत रविदास, महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर छत लगवाई जाएगी और पार्क की बाउंड्री बनवाई जाएगी।
संत रविदास के विचार समाज को दिशा देने का काम कर रहे : अर्जुनराम मेघवाल
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि संत रविदास केवल संत ही नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के महान विचारक थे। जब संविधान सभा में संविधान के मूल सिद्धांतों पर चर्चा हो रही थी, तब स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे शब्दों को लेकर व्यापक बहस हुई थी। उस दाैरान डॉ. भीमराव आंबेडकर ने स्पष्ट किया था कि समानता और भाईचारे की भावना ब्रिटिश परंपरा से नहीं बल्कि भारतीय संत परंपरा और विशेष रूप से संत रविदास के विचारों से प्रेरित है। संत रविदास ने सदियों पहले ही जाति-पात और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर ऐसे समाज की कल्पना की थी जहां सभी लोगों को समान सम्मान और अवसर प्राप्त हों। यही भावना भारतीय संविधान की आत्मा में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
कुछ राजनीतिक दल कर रहे जाति आधारित राजनीति : पंकज चौधरी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि संत रविदास सबके हैं और हम सब रविदास जी के हैं। संत रविदास ने समाज को समानता और सामाजिक परिवर्तन का संदेश दिया जबकि कुछ राजनीतिक दल केवल जाति आधारित राजनीति करते हैं। भाजपा की राजनीति संतों के आदर्शों और संस्कारों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करती है। संत रविदास को जो सम्मान आज मिल रहा है, वह स्वतंत्रता के बाद ही मिल जाना चाहिए था। भाजपा सरकार ने संत रविदास के जीवन, विचारों और समाज सुधार के कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने काम कर रही है। संतों, महापुरुषों की विरासत को संरक्षित कर उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
जातिगत भेदभाव से ऊपर उठने का संदेश दिया : लाल सिंह आर्य
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ऐसे समय में प्रकट हुए जब भारतीय समाज सामाजिक विषमताओं, भेदभाव और कुरीतियों से जूझ रहा था। संत रविदास का स्पष्ट संदेश था कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं बल्कि उसके कर्म, गुण और चरित्र से होती है। संत रविदास की प्रसिद्ध वाणी जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकजुट होने की प्रेरणा देती है।