फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनावः बनारस में उत्साह के बीच 59.06 प्रतिशत मतदान, कई जगह शोर-शराबा

Sun, 26 Nov 2017 11:09 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
गंगापुर नगर पंचायत में सबसे ज्यादा 78.56 प्रतिशत वोट पड़े - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच रविवार को नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में वाराणसी नगर निगम समेत रामनगर पालिका और गंगापुर नगर पंचायत के लिए वोट डाले गए। सुबह साढ़े सात बजे से दिन के 11 बजे तक ज्यादातर इलाकों में उत्साह नहीं दिखा, लेकिन दोपहर बाद वोटर निकलने लगे।
विज्ञापन


शाम पांच बजे तक कई मतदान केंद्रों पर लाइन लगी रही। नगर निकाय में कुल 59.06 प्रतिशत मतदान हुआ। नगर निगम में 43.90 प्रतिशत, गंगापुर नगर पंचायत में 78.56 प्रतिशत और रामनगर पालिका में 54.73 प्रतिशत मतदान हुआ। शहर की तीनों पंचायतों के मतदान प्रतिशत में इस बार बढ़ोतरी हुई है। एक दिसंबर को पहड़िया मंडी में मतगणना के बाद नतीजे घोषित होंगे।   

वाराणसी नगर निगम में वर्ष 2012 के पिछले चुनाव में महज 33 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि यहां इस बार करीब 10 प्रतिशत ज्यादा वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा 78.56 प्रतिशत मतदान गंगापुर में हुआ। निकाय चुनाव में कुल 801 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम और मतपेटिकाओं में बंद हो गई है। 
विज्ञापन


 नगर निगम के 90 वार्ड, रामनगर पालिका के 25 वार्ड और गंगापुर नगर पंचायत के दस वार्डों के लिए रविवार को मतदान हुआ। नगर निगम में 274 केंद्र, 910 बूथ, रामनगर पालिक परिषद में 11 केंद्र, 55 बूथ एवं गंगापुर नगर पंचायत के लिए 6 केंद्र एवं 10 बूथों पर सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हुआ।

सुबह नौ बजे तक मात्र आठ प्रतिशत ही वोटिंग हुई थी। दोपहर में कुछ स्थानों पर भीड़ कम हो गई थी लेकिन तीन बजे के बाद मतदान केंद्रों पर वोटरों की संख्या बढ़ने लगी और कुछ केंद्रों पर शाम साढ़े पांच बजे तक लाइन लगी रही।

करीब 12 बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें मिली जिससे मतदान प्रभावित रहा। आधे घंटे बाद यहां ईवीएम बदले गए। तकरीबन हर मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में नाम शामिल न होने की शिकायत रही। भाजपा एमएलसी चेतनारायण सिंह ने डीएम योगेश्वर राम मिश्र को फोन कर मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायत मिली। 

फर्जी मतदान की आशंका में दस हिरासत में

आदमपुर क्षेत्र में गुस्साए लोगों ने कमिश्नर से की फर्जी मतदान की शिकायत - फोटो : अमर उजाला
नगर निकाय चुनाव के दौरान मतदाता सूची में नाम न होने से रविवार को सभी वार्डों में मतदाताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। कुछ मतदान केंद्रों के बाहर गुस्साए लोगों ने नारेबाजी के साथ हंगामा किया। इस दौरान कुछेक स्थानों पर पुलिस को लाठियां पटक कर लोगों को खदेड़ना पड़ा तो कहीं समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया गया। वहीं, सारनाथ के सोना तालाब स्थित सेंट मैरीज स्कूल से फर्जी मतदान की आशंका में आठ महिलाओं और दो पुरुषों को पुलिस ने हिरासत में लिया और देर शाम तक नाम और पते की तस्दीक के बाद छोड़ दिया।

सारनाथ थाना अंतर्गत सोना तालाब स्थित सेंट मैरीज स्कूल मतदान केंद्र पर रविवार को करीब सवा नौ बजे भाजपाइयों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि दूसरे क्षेत्र के लोग एक प्रत्याशी को फर्जी तरीके से मतदान करने के लिए लाइन में लगे हैं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने शिवपुर क्षेत्र की आठ महिलाओं और चोलापुर क्षेत्र के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि सभी के पास आधार कार्ड था और उनका वोटर लिस्ट में नाम भी था लेकिन वह दूसरी जगह के रहने वाले थे।

स्थानीय लोगों के पहचानने पर उन्हें मतदान नहीं करने दिया गया। पूछताछ के साथ ही नाम-पते और आधार कार्ड की तस्दीक करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। बीएलओ की गड़बड़ी से ऐसा हुआ था।

इसी तरह आदमपुर जोनल कार्यालय पहुंचे कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण से मतदाताओं ने कोनिया वार्ड के बूथ पर फर्जी वोटिंग की शिकायत करते हुए बताया कि उनके आने से पहले ही उनके नाम से वोट डाल दिया गया है। कमिश्नर ने मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारी को फटकार लगाते हुए गंभीरता से वोटिंग कराने को कहा। 

इसी तरह नरिया स्थित बीएनएस स्कूल पर फर्जी तरीके से वोटिंग का आरोप प्रत्याशी एक-दूसरे पर लगाते रहे और पुलिस से नोकझोंक करते रहे। यहां मजिस्ट्रेट ने आसपास की दुकानों को मतदान शुरू होने के चार घंटे बाद बंद कराई। आदित्य नगर में बने बूथ पर हंगामे की सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची लेकिन मामला शांत हो गया था।

उधर, मतदाता सूची से नाम कटने का मामला लेकर सारनाथ थाना के पैगंबरपुर व अमनपुरी कॉलोनी, भेलूपुर थाना के भदैनी व रवींद्रपुरी, कैंट थाना के पांडेयपुर क्षेत्र की विराट नगर कॉलोनी, चौक, लक्सा, नई सड़क व दशाश्वमेध क्षेत्र, सिगरा थाना की वरुणापुरम कॉलोनी, लंका थाना के प्रज्ञा नगर, इंदिरा नगर, कैलाशपुरी व आरकेपुरम नेवादा और कोतवाली क्षेत्र स्थित कुछेक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने पुलिस से जमकर नोकझोंक के साथ ही हंगामा किया। 

त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में ईवीएम और मत पत्र

vote - फोटो : अमर उजाला
मतदान संपन्न होने के बाद रविवार की शाम नगर निगम क्षेत्र की ईवीएम और नगर पालिका परिषद रामनगर तथा नगर पंचायत गंगापुर क्षेत्र की मत पत्र पेटिकाओं को पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया। पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम की मतगणना यानी एक दिसंबर तक चौबीसों घंटे त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। क्षेत्राधिकारी कैंट सुरक्षा व्यवस्था की मानीटरिंग करेंगे। उच्चाधिकारियों की भी नजर होगी। 

एसपी (ग्रामीण) अमित कुमार ने बताया कि आंतरिक सुरक्षा घेरे के लिए सशस्त्र पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर, दो होमगार्ड और आठ कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। दूसरे सुरक्षा घेरे में जिला पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल की तैनाती है।

तीसरे सुरक्षा घेरे में कैंट थाना के एक सब इंस्पेक्टर, दो हेड कांस्टेबल और आठ कांस्टेबल को तैनात किया गया है। तीसरा घेरा लगातार स्ट्रांग रूम के चारों तरफ चक्रमण करता रहेगा। उच्चाधिकारी औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे। जरूरत के अनुरूप सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स भी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगाई जाएगी। 
विज्ञापन

पुलिस पर लगाया बदसलूकी का आरोप

vote - फोटो : अमर उजाला
इंग्लिशिया लाइन स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी इंटर कॉलेज में प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया। बताया कि पुलिसकर्मियों ने प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं को मतदान केंद्र से जबरन बाहर कर दिया। जिलाधिकारी से शिकायत की गई तो उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया। लगभग दो घंटे बाद जाकर अभिकर्ताओं की दोबारा इंट्री हुई।

भाजपा की मेयर प्रत्याशी, मंत्री और विधायकों ने डाले वोट 
भाजपा के मंत्री और विधायकों ने सुबह दस बजे तक अपने अपने बूथों पर वोट डाले। सबसे पहले कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने महमूरगंज स्थित अजमतगढ़ प्राथमिक विद्यालय में मतदान किया। इसके बाद मेयर प्रत्याशी मृदुला जायसवाल ने लोको छित्तूपुर स्थित प्राथमिक पाठशाला में वोट डाला।

प्रदेश के राज्यमंत्री एवं दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने चौखंबा स्थित अग्रसेन महाजनी इंटर कालेज में वोट डाला। उत्तरी के विधायक रवींद्र जायसवाल ने खोजवां स्कूल में और दक्षिणी के पूर्व विधायक श्याम देव राय चौधरी दादा ने गिरजाघर स्थित हरसुंदरी धर्मशाला में मतदान किया।

वहीं, क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने रामनगर तो महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वोट डाला। 
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें