वाराणसी। एनजीटी ने शिवपुर तालाब प्रकरण का संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार समेत जिलाधिकारी, नगर निगम, वीडीए और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को नोटिस जारी किया है। अपीलकर्ता पूर्व सभासद जितेंद्र सेठ ने बताया कि काशी पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक तालाब पर भूमाफियाओं ने साल 2002 में कब्जा कर लिया।
इसके खिलाफ जिला मुख्यालय पर 30 जुलाई 2002 को बड़े स्तर पर आंदोलन किया गया। यह मामला सड़क से लेकर नगर निगम सदन एवं कार्यकारिणी समिति की बैठकों में भी उठाया गया। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद निर्माण रुका। वर्ष 2016 में तत्कालीन मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण के आदेश पर दो-दो जेसीबी से तालाब की खुदाई भी कराई गई, परंतु राजनीतिक हस्तक्षेप से तालाब की खुदाई का कार्य अचानक रुक गया। ब्यूरो