फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Update: वाराणसी में थानाध्यक्ष को नोटिस, 14 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी अरेस्ट; पढ़ें चर्चित खबरें

Thu, 27 Mar 2025 03:14 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में मुकदमा दर्ज नहीं करने के मामले में सारनाथ थानाध्यक्ष को कोर्ट ने नोटिस जारी की है। वहीं, फर्जी दस्तावेज बनाकर 14 लाख की धोखाधड़ी के आरोपी को भेलूपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

News Update Today: मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट के आदेश के 25 दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं करने पर सारनाथ थानाध्यक्ष को कोर्ट ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। कोर्ट ने थाना प्रभारी पर कार्रवाई के लिए आदेश की प्रति पुलिस आयुक्त को भी भेजने का आदेश दिया है।

विज्ञापन


सारनाथ थाना क्षेत्र के बुद्धा सिटी फेज 1 कॉलोनी की पीड़िता ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दी। आरोप था कि पति से अलग होने के बाद उसका परिचय गाजीपुर के मुहम्मदाबाद डोमनपुरा निवासी मोहम्मद यासीन से हुई, जो यूपी पुलिस में सिपाही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। 

आरोप है कि यासीन और परिवार ने साजिश के तहत धर्म परिवर्तन कराकर 7 मार्च 2019 को नया निर्वाचन व आधार कार्ड बनवाया और 20 नवंबर 2019 को मुस्लिम रीति रिवाज से सारनाथ के गेस्ट हाउस से शादी कराई। 
विज्ञापन


इस बीच यासीन ने धोखाधड़ी कर करीब 50 लाख रुपये मकान खरीदने के लिए कई किश्तों में लिए और मकान भी अपने नाम कर लिया। कार भी खरीदी। मकान व कार अपने नाम किए जाने पर वह बच्चों के साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस मामले में सारनाथ थाना प्रभारी मुकदमा दर्ज नहीं कर रहे हैं।

14 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेज और 14 लाख की धोखाधड़ी के आरोपी को भेलूपुर पुलिस ने बुधवार सुबह अग्रवाल तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। भेलूपुर एसीपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि आरोपी की पहचान भेलूपुर के शिवाला घाट निवासी दिनेश भारती उर्फ पेंटर के रूप में हुई है।

आरोप है कि साजिश और कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 14 लाख रुपये कंपनी में जमा कराने के बहाने लिया और वापस नहीं करने पर धमकी दी थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 

Varanasi Weather News - फोटो : अमर उजाला
दो दिन में 6 डिग्री ऊपर चढ़ा पारा, तापमान 39.5 डिग्री
शहर का पारा बुधवार को अचानक से 3 डिग्री ऊपर चढ़ गया। पारा सामान्य से 4.4 डिग्री ऊपर 39.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। दो दिनों में तापमान 6 डिग्री तक बढ़ गया है। दिन में 22 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा बही। चिलचिली धूप और चढ़ते पारा के चलते पछुआ हवा ने भी लू जैसा असर किया।

मार्च महीने में ये दूसरा दिन ऐसा था कि लगा जैसे धूप ने स्किन को झुलसा दिया हो। हवा में नमी 15 से 39 फीसदी के बीच में रही। मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि आज से अगले 3 दिनों तक बनारस में तेज हवा चलने का अनुमान है। वहीं उसके बाद मौसम साफ रहेगा। अगले 48 घंटे में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उसके बाद 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है।

मारपीट, तोड़फोड़ के मामले में पत्नी समेत तीन को मिली अग्रिम जमानत
पति के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पत्नी, ससुर व दो साले को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तृतीय) सपना शुक्ला की अदालत ने थाणे, महाराष्ट्र निवासी पत्नी पारुल वर्मा, ससुर हरिदास वर्मा व दो साले महेश वर्मा और मनीष वर्मा को गिरफ्तार करने की दशा में 50- 50 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र पर अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, परिवादी राजेश कुमार सेठ ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि के 20 जून 2023 को हरिदास वर्मा, उसकी पुत्री पारुल वर्मा, महेश और मनीष वर्मा ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। पत्नी ऊषा सेठ, पुत्र अभिषेक सेठ को बुरी तरह से मारा पीटा गया। 

एक बोरा बादाम चोरी, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
गोला दीनानाथ के व्यापारी का एक बोरा बादाम चोरी होने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को मंगलवार रात मच्छोदरी से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो का एक बोरा बादाम बरामद हुआ।

डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान पड़ाव के सूजाबाद निवासी विजय जायसवाल, आदमपुर के हनुमान फाटक निवासी दिलीप सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट कंपनी हरतीरथ क्षेत्र से 30 किलो के बादाम वाले बोरे को चोरी किया गया। शुभम ने केस दर्ज कराया था कि 21 मार्च को ट्रॉली से छह बोरा किशमिश, बादाम रामजी से अलग-अलग ट्रांसपोर्ट एजेंसी में भिजवाया था। रास्ते में 24 हजार मूल्य का एक बोरा बादाम चोरी हो गया था।

ज्ञानवापी : बेटियों को पक्षकार बनाने की अर्जी पर हुई सुनवाई
सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) युगुल शंभू की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी के 1991 के पुराने मामले में वादी रहे पं. हरिहर पांडेय की बेटियों को पक्षकार बनाने की अर्जी पर सुनवाई हुई। 

कोर्ट ने अगली सुनवाई की तिथि तीन अप्रैल नियत की है। कोर्ट ने वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से दाखिल ट्रस्ट डीड को पत्रावली में शामिल करने की अनुमति दे दी है। पिछली तिथि पर मुकदमे के वादी रहे पं. हरिहर पांडेय की बेटियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्रा और रेनू पांडेय की ओर से मुकदमे में पक्षकार बनाने का दाखिल प्रार्थना पत्र अब तक लंबित है। 

संबंधित अर्जी पर बहस हुई। बेटियों के अधिवक्ता ने लिखित प्रति आपत्ति दाखिल किया। कहा गया कि हरिहर पांडेय की मृत्यु के बाद मुकदमे को चलाने के लिए पक्षकार बनाने का विधिक अधिकार है। वादमित्र जानबूझ कर इस वाद में पक्षकार बनाने का विरोध कर रहे हैं। 

दुष्कर्म और अपहरण का आरोपी दोषमुक्त
मुकदमे की पैरवी न करने की धमकी देकर अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में आरोपी को कोर्ट ने दोषमुक्त कर दिया। कैंट थाने के मामले में आरोपी बकरिया कुंड, थाना जैतपुरा निवासी आरोपी परवेज को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता चार साल पहले थाना जैतपुरा क्षेत्र में रहती थी। उस वक्त बकरिया कुंड निवासी अभियुक्त परवेज ने दुष्कर्म किया और उसके खिलाफ जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी, वह मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है, उसी मुकदमे की पैरवी के लिए पीड़िता न्यायालय में विभिन्न तारीखों पर आती रहती है। 

6 जून 2013 को वादिनी कचहरी आई थी, घर लौटते समय परवेज ने दो साथियों के साथ वादिनी को जान से मारने की धमकी देकर जबरदस्ती गया (बिहार) ले गया, वहां साथ दुष्कर्म किया और धमकी दी कि मुकदमा वापस ले लो नहीं तो जान से मार दूंगा।

शिक्षा में बाधा डालने वाले 9 आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो एक्ट अनुभव द्विवेदी की कोर्ट ने कंप्यूटर शिक्षा के लिए सहमति पत्र देने के बावजूद ताला बंद करने के नौ आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। वादी इश्तियाक ने अहरक बड़ागांव में बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा के लिए 10 हजार रुपये महीने किराये पर कमरा सोसाइटी से लिया था। 

सचिव हाजी इश्तियाक ने कुछ दिन बाद अन्य आरोपियों से मिलकर उसमें ताला बंद कर दिया है। बचाव पक्ष ने कहा कि वादी को सिर्फ मरम्मत के लिए तीन कमरे दिए गए थे, उसकी नीयत खराब हो गई और उसने मामले में सिविल वाद भी दाखिल किया है। किसी ने कोई अपराध नहीं किया है। 

अदालत ने आदेश में लिखा है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध पुलिस की डायरी से स्पष्ट है कि अभी वादी द्वारा इस मामले में विवेचक को सबूत देने है। फिर भी मामले की गंभीरता को देख इश्तियाक, नेहालउद्दीन, अकबर, अबू फख्र, अब्दुल गफ्फार अंसारी, आफताब अहमद, इम्तियाज अहमद, अब्दुल्ला कमाल, एकलाक अहमद की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। 

सुकन्या योजना का झांसा देकर 50 हजार की साइबर ठगी
सुकन्या योजना का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने युवक के खाते से 50 हजार रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मोगलावीर गांव निवासी श्याम सुंदर पटेल ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम अनजान नंबर से फोन आया और खुद को सुकन्या योजना ऑफिस से बताया। 

कहा कि आपके बेटी का आठ हजार रुपया सुकन्या योजना के तहत आया है। क्यूआर कोड भेज दें दो तो पैसा खाते में भेज दिया जाएगा। श्याम सुंदर ने कहा कि यूपीआई नहीं चलाते हैं। जालसाज ने कहा कि स्कैनर से ही पैसे जाएंगे तो अपने भतीजे रवि नारायण पटेल से बात करवाई। 

जालसाज ने वीडियो कॉल कर रवि के गूगल पे का सारा डॉक्यूमेंट वीडियो पर ही स्कैन कर दूसरे खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने के बाद फोन काट दिया। रवि के खाते से मोबाइल पर मैसेज आया कि 50 हजार कट गए। उसके बाद जालसाज का नंबर बंद बता रहा है। 

पहड़िया मंडी में पिकअप ड्राइवर की मौत
पहड़िया मंडी में बुधवार सुबह पिकअप ड्राइवर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। हार्ट अटैक से मौत की आंशका जताई गई। गाजीपुर के नंदगंज निवासी विजय कुमार जायसवाल (55) मंडी से आलू और प्याज लेकर पिकअप से दुकानों पर पहुंचाते थे। 

सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और अचेत हो गए। आलू प्याज के आढ़ती रवि सिंह समेत अन्य ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों के निवेदन पर पंचनामा कर शव सौंप दिया। पत्नी किरन जायसवाल सहित दो बेटे और दो बेटियां हैं। 

एनएचएआई के टैंकर को बचाने के चक्कर में ट्रक भिड़े, चालक घायल
जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर रिंग रोड फेज-2 पर बुधवार को एनएचएआई के खड़े पानी के टैंकर को बचाने के चक्कर में दो ट्रक आपस में टकरा गए। एक ट्रक चालक घायल हो गया। बिहार से बालू लादकर संदहा बालू मंडी जा रहा ट्रक चालक छोटू यादव जंसा के परमपुर रिंग रोड फेज 2 पर पहुंचा। 

इस दौरान सामने खड़ी एनएचएआई के पानी के टैंकर को बचाने के चक्कर में पटना के हाजीपुर से बिस्कुट लादकर जौनपुर के जलालपुर जा रहे ट्रक में टकरा गया। दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। बालू लदे ट्रक के चालक छोटू यादव को हल्की चोटें आई हैं। जंसा पुलिस ने क्रेन से दोनों ट्रकों को हटवाकर कर यातायात बहाल कराया। 

ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर, बुआ-भतीजा घायल
जंसा थाना क्षेत्र के जलालपुर (झबरा) पानी टंकी के पास बुधवार को ट्रैक्टर और बाइक में टक्कर हो गई। बाइक सवार महिला और उसका भतीजा घायल हो गया। महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कपसेठी के अर्जुनपुर गांव की रहने वाली परमशीला (32) भतीजे विपिन कुमार के साथ बाइक से जंसा के चौखंडी में एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद घर लौट रही थी। जंसा के झबरा जलालपुर गांव के सामने ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। मौके पर पहुंची जंसा पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। 

कब्जा करने की नीयत से सोनिया पोखरे में फेंका जा रहा मलबा
कब्जे की नीयत से सोनिया पोखरे में मलबा फेंका जा रहा है। सड़क किनारे एक बिस्वा में मलबा फेंककर पाटने का प्रयास किया जा रहा है। पोखरा नगर निगम मुख्यालय से 500 मीटर की दूरी पर है। बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। पोखरे के आसपास कबाड़ की गाड़ियां हैं। कुछ पशुपालक यहां पशु बांधते हैं। आसपास के लोग कूड़ा भी फेंकते हैं। 

चर्चा है कि भू-माफिया प्रकृति के लोगों की नजर पोखरे पर है। सोनिया पोखरे का कायाकल्प शुरू किया गया था। तत्कालीन नगर आयुक्त प्रणय सिंह के निरीक्षण के बाद काम शुरू कराया गया था। पोखरे की गहराई एक मीटर और बढ़ाने के लिए जेसीबी भी चलवाई गई थी ताकि पानी का अधिक भंडारण किया जा सके। 

कार्ययोजना बनाई गई थी कि पोखरे के आसपास बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी। लाइटिंग के साथ फव्वारे की व्यवस्था होगी। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि मामला अदालत में है। जिस वजह से काम रुका है। प्रभावी पैरवी के जरिये मामले का निपटारा करने के बाद नए सिरे से काम शुरू होगा।

पूर्वांचल डिस्कॉम में संविदा कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी
विद्युत संविदा मजदूर संगठन के प्रभारी पुनीत राय ने पूर्वांचल डिस्कॉम में संविदा कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर छंटनी पर चिंता व्यक्त की है। कहा कि पूर्वांचल निगम में बिना किसी पूर्व सूचना हर जिले में संविदा कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। 

पुनीत राय ने बताया कि छह महीनों में टेंडर प्रक्रिया के नाम पर कर्मचारियों की संख्या गुपचुप और विभागीय नियमों को ताक पर रखकर गलत तरीके से कम कर दी गई। इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं दी गई।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रयागराज शहरी में 88, वाराणसी ग्रामीण में 129 , वाराणसी शहर में 199, जौनपुर प्रथम में 57, जौनपुर द्वितीय में 77, चंदौली में 50, आजमगढ़ प्रथम में 53, आजमगढ़ द्वितीय में 48, बलिया में 49, मिर्जापुर में 13 कर्मचारी सहित अन्य जिलों में भी लोगों को निकाला जा रहा है। इसे जल्द से जल्द बंद करना चाहिए, नहीं तो कर्मचारी संगठन आंदोलन करेगा। 

चोरी की तीन बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी के आरोपी को कैंट पुलिस ने बुधवार को वरुणा पुल के नीचे वरुणा कॉरिडोर से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई। कैंट पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़ागांव के हरहुआ गोसाइपुर निवासी अभिषेक यादव के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने सिधारी आजमगढ़ के एक मैरिज हॉल के सामने से दिसंबर 2021 में बाइक चोरी की थी। कचहरी समेत अन्य स्थानों से बाइक चोरी कर दूसरे जिलों में बेच देता था। 

दुष्कर्म के मामले का आरोपी गिरफ्तार
अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो के आरोपी को कैंट पुलिस ने बुधवार को महावीर मंदिर अर्दली बाजार से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अशोक विहार कॉलोनी लालपुर-पांडेयपुर और स्थायी पता संभल के सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। 10 जून 2024 को किशोरी को अगवा और दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। 

अग्निवीर में अब नॉमिनी के खाते की भी ली जाएगी जानकारी
भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी आर्मी पोर्टल www.joinindianarmy.nic.in पर ही आवेदन करें। किसी का फोन आने पर हेल्पलाइन नंबर 7518900195 पर संपर्क कर सकते हैं। अग्निवीर में अब नॉमिनी के खाते को भी लिया जाएगा। 

यह महत्वपूर्ण कदम है जो अग्निवीरों के परिवारों की सुरक्षा और भविष्य को सुनिश्चित करने में मदद करेगा। इस जांच से ये सुनिश्चित किया जाएगा कि नॉमिनी के खाते में कोई समस्या नहीं है और अग्निवीर की मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को सही तरीके से मुआवजा मिल सके। वह अपने परिवार को नॉमिनी बना सकते हैं। 

नॉमिनी बताते समय कई अन्य जानकारी भी ली जाएगी। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी सही जानकारी दे, ताकि आगे चलकर परिजनों को परेशानी न हो। अगर किसी से कोई गलती भी हो जाती है, तो वह समय रहते कार्यालय में जानकारी देकर सही करा सकता है। युवाओं को मेडिकल पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। वह इस पर कम ध्यान देते हैं।

विद्यापीठ में 3 अप्रैल से यूजी-पीजी की सेमेस्टर परीक्षाएं
काशी विद्यापीठ में स्नातक और स्नातकोत्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं तीन अप्रैल से शुरू होंगी। समाजकार्य विभाग में बीए तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा तीन अप्रैल, पांचवें सेमेस्टर की 22 व 23 अप्रैल और पहले सेमेस्टर की परीक्षा 30 अप्रैल को होगी। एमएसडब्ल्यू और एमए के पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 7 से 15 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षा की समय सारिणी काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड है।

पॉलिटेक्निक की छात्राओं ने लगाई प्रदर्शनी
उत्तर प्रदेश सरकार के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कटिंग मेमोरियल स्कूल में विभागों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। दूसरे दिन पॉलिटेक्निक की छात्रा अनुराधा, ऋतु, अंजली एवं नौशीन की ओर से वाटर लेवल इंडिकेटर, रेन डिटेक्टर एंड क्लोथ्स कनेक्टिंग का प्रोटोटाइप एवं ड्रेस डिजाइनिंग मॉडल को प्रदर्शित किया गया। मंत्री असीम अरुण और जिलाधिकारी ने संस्थागत छात्राओं द्वारा लगाए गए प्रोजेक्ट कार्य को देखा। 

उन्होंने छात्राओं को तकनीकी शिक्षा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। पॉलिटेक्निक में सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों, संस्थागत सुविधाओं एवं समाज के प्रति योगदान से अवगत कराया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह, प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. उमेश चंद्र सोनकर, सुधीर कुमार सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, प्रदीप कुमार मौजूद रहे। 

हरिश्चंद्र के शिक्षकों ने काला फीता बांधकर किया विरोध
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ब्लैक बैज प्रोटेस्ट प्रोग्राम में शिक्षकों ने काला फीता बांधकर महाविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज टीचर्स ऑर्गेनाइजेशंस के आह्वान पर ओपीएस, एनईपी और शिक्षक विरोधी नीतियों के संबंध में दुख जताया गया। प्रो. जगदीश सिंह और अध्यक्ष प्रो. संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।

स्वयंसेविकाओं ने चलाया रक्तदान जागरूकता अभियान
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा रक्तदान जागरूकता अभियान चलाया गया। मिशिरपुर की मलिन बस्ती में लगाए एक दिवसीय शिविर में डॉ. भारती कुरील ने लोगों को रक्तदान का महत्व बताया। साथ ही स्वयंसेविकाओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। इसमें 150 स्वयंसेविकाओं ने ने भाग लिया। 

शिक्षा में तकनीक का प्रभावी योगदान
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सहयोग से बुधवार को प्रोग्राम और एक्टिविटी के अंतर्गत डाइट में एकदिवसीय कक्षा शिक्षण वीडियो का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न ब्लॉकों के 45 प्रतिभागियों ने कक्षा शिक्षण की वीडियो साझा की।

डायट प्रवक्ता डॉ. हरगोविंद पुरी ने कहा कि कक्षा शिक्षण के दौरान तकनीक का प्रभावी योगदान है। कार्यशाला में एआरपी वीरेंद्र कुमार, स्टेट अवॉर्डी शिक्षक कमलेश कुमार पांडे, प्रीति सेठ, विमल कुमार, एवं कंचन सिंह ने पिंडरा ब्लाॅक का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान डायट प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह एवं विकास कुमार कुशवाहा मौजूद रहे।

टीबी हारेगा, देश जीतेगा-आओ मिलकर टीबी मुक्त भारत बनाएं : सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में बुधवार को पीडियाट्रिक टीबी की पहचान हेतु जनपद स्तरीय टीओटी का आयोजन हुआ। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य, बच्चों में टीबी की समय पर पहचान, जांच, निदान एवं उपचार को मजबूत करना है। ताकि अधिक से अधिक बच्चों को क्षय रोग से बचाया जा सके। 

सीएमओ ने बताया कि पिछले 6 महीने में 630 बच्चे खोजे गए। इसमें 147 बच्चे उपचार के उपरांत स्वस्थ हो गए हैं। इसके अलावा 483 बच्चों का इलाज चल रहा है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि प्रशिक्षण में बच्चों में टीबी की पहचान, जांच, निदान और उपचार पर विस्तार से जानकारी दी गई। संचालन डीपीसी अनीता सिंह ने किया।

सारनाथ में बजबजाती नालियों से महामारी का खतरा
नगर निगम वार्ड नंबर 44 के घुरहूपुर गांव में साफ-सफाई नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। घरों से निकलने वाले सीवर चोक हो गए हैं। बदबू और गंदगी से क्षेत्र में मच्छरों के प्रकोप के साथ ही महामारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।

लोगों ने बदबू से अजीज होकर सीवर के टंकी के गड्ढे को खोला तो अंदर पूरा मलबा जमा था। जिस कारण घरों का पानी नाली से निकलकर सीवर में नहीं जा रहा है। घुरहूपुर निवासी मालती देवी दस से पंद्रह गांव की महिलाओं के साथ स्थानीय पार्षद अभय पांडे से मिलकर समस्या के बारे में बताया। अब तक पार्षद ने सीवर सफाई नहीं कराई।

पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने युवा क्रिकेटरों को दिए टिप्स
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली ने बुधवार को शिवपुर स्थित मिनी स्टेडियम में अभ्यास कर रहे युवा क्रिकेटरों के साथ समय बिताया। कांबली ने युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियों और खेल की कई तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। 

खिलाड़ियों ने कांबली से बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। क्रिकेट एकेडमी के निदेशक सैफी अहमद ने विनोद कांबली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ियों को निश्चित रूप से लाभ होगा। इस दौरान प्रशिक्षक अभय तिवारी, भाजपा नेता अरुण सिंह आदि मौजूद रहे। 

12 दिन तक निकलेगी हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी
श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से 12 दिनों तक हनुमान महोत्सव की रजत जयंती मनाई जाएगी। 30 मार्च से 12 अप्रैल तक रजत जयंती के मौके पर धर्मसंघ से सुबह 5:40 बजे से हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें डीजे, बैंड, देव रथ के साथ ही हनुमान जी की प्रतिमा और बड़े-बड़े ध्वज भी साथ होंगे। बड़ी संख्या में महिला और बच्चे भी इस शोभायात्रा में जुड़ेंगे।

ग्राम पंचायत कमौली के विकास कार्यों की जांच की मांग
ग्राम पंचायत कमौली के निर्माण समिति के अध्यक्ष कमलेश यादव ने बुधवार को सदस्यों के साथ बीडीओ वीरेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। कहा कि अब तक ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों की जांच कराई जाए। बताया कि किस कार्य पर कितनी धनराशि खर्च हुई है, इसकी जानकारी निर्माण समिति को नहीं दी गई है। इस दौरान दिनेश कुमार, पूनम, मोईन अली, विवेक कुमार और आशिफ अलीन मौजूद रहे।

10 मीटर पिस्टल में सुमेधा पाठक ने स्वर्ण पदक जीता
नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 20 से 25 मार्च तक द्वितीय खेलो इंडिया पैरा गेम्स चैंपियनशिप हुई। इसमें उत्तर प्रदेश के शूटरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। 50 मीटर पिस्टल पुरुष एसएच-वन वर्ग में बागपत के आकाश ने स्वर्ण पदक जीता। 10 मीटर पिस्टल महिला एसएच-वन वर्ग में वाराणसी की सुमेधा पाठक ने स्वर्ण पदक जीता।

10 मीटर राइफल एसएच-2 महिला वर्ग में बागपत की खुशबू ने रजत पदक और 10 मीटर एयर राइफल एसएच-वन महिला वर्ग में बिजनौर की आकांक्षा चौधरी ने कांस्य पदक जीता। शहर के अर्मापुर निवासी मो. उमर ने 50 मीटर राइफल प्रोन एसएच-1 मिश्रित वर्ग में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए आठवां स्थान अपने नाम किया।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान पाया है।द्रोणाचार्य अवॉर्डी चेयरमैन जयप्रकाश नौटियाल, अंतरराष्ट्रीय कोच सुभाष राणा ने उपविजेता ट्रॉफी टीम मैनेजर अप्सरा चौधरी व शूटर मो. उमर को दी।

वसंत कन्या महाविद्यालय में अर्थोत्सव, युवाओं ने दिखाया दम
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में अर्थशास्त्र विभाग के अकादमिक मंच इकोटाॅक की ओर से युवा महोत्सव अर्थोत्सव का बुधवार को समापन हुआ। इस दौरान क्रिएटिव राइटिंग और क्विज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीएचयू, आर्य महिला पीजी कॉलेज, वसंता कॉलेज राजघाट और डीएवी पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

क्रिएटिव राइटिंग में बीएचयू की छात्रा अर्पणा आनंद प्रथम और डीएवी के विशाल कुमार दूसरे स्थान पर रहे। क्विज में उज्ज्वल तिवारी प्रथम और बीएचयू की अमिषा नारायण दूसरे स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में प्रो. इंदु उपाध्याय, डॉ. विजय कुमार, डॉ. रितेश कुमार यादव, सबा परवीन और अनीता प्रजापति शामिल थे। विशिष्ट अतिथि डीएवी पीजी कॉलेज के प्रो. अनूप कुमार मिश्र रहे। छात्रा दिव्यांशी, जया, श्वेता, संज्ञा, सेजल, भार्गवी, मधुमिता, शिवांगी और अपराजिता ने सक्रिय भूमिका निभाई।

चार घंटे तक जिले में रहेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जिले में होंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार के आठ साल के कार्यकाल पूरा होने से संबंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे दोपहर 12 बजे आएंगे और अपराह्न बाद चार बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। चार घंटे तक जिले में रहेंगे। विंध्यवासिनी धाम जाकर दर्शन-पूजन भी कर सकते हैं।

रैंप कार्यशाला को लेकर हुई उद्यमियों की बैठक
लघु उद्योग भारती संगठन व एमएसएमई अधिकारियों की बैठक बुधवार को एमएसएमई विभाग औद्योगिक अस्थान चांदपुर में हुई। इसमें आरएएमपी (रैंप) योजना पर 29 मार्च को होने वाले कार्यशाला पर चर्चा की गई।

सहायक निदेशक एमएसएमई राजेश चौधरी ने बताया कि आरएएमपी योजना का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूत बनाना, वित्तीय सहायता बढ़ाना और बाजार से जोड़ना है। इसके अलावा उत्पादकता, नवाचार और डिजिटलकरण को बढ़ावा देना है। बैठक में अध्यक्ष राजेश सिंह, वीके राना, रितेश बरनवाल, ज्योति शंकर मिश्रा आदि रहे। 

अब डिजिटल माध्यम से वीडीए की पत्रावलियों का संचालन
वीडीए में ई-ऑफिस क्रियान्वयन के तहत कार्य किए जा रहे हैं। समस्त पत्रावलियों का संचालन अब डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आएगी। ई-ऑफिस क्रियान्वयन के तहत वीडीए ने 1881 ई-फाइलें क्रियेट की हैं। 14346 फाइलों को मूव किया है। 

3351 फाइलें ई-मेल से मिली हैं। 31705 फाइलों को प्रस्तावित किया गया है। यह प्रणाली सरकारी कार्यों को ऑनलाइन और पेपरलेस बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिससे फाइलों की गति बढ़ी है और कार्यों में पारदर्शिता आई है। 

वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार, सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत सुशासन को बढ़ावा देने के प्रयास किया जा रहा है। वीडीए आगे भी डिजिटल प्रणाली को मजबूत करने और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। ई-ऑफिस प्रणाली से निर्णय प्रक्रिया तेजी से पूरी हो रही है। सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है। डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम के जरिये फाइलों की स्थिति की रियल-टाइम निगरानी संभव हो रही है।

संस्कृत विवि में विजेताओं को मिला प्रमाणपत्र
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में हुई हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बुधवार को सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में अखिलेश कुमार मिश्र प्रथम, नितीश कुमार ठाकुर द्वितीय और नित्यानंद शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके साथ ही नाटक मंचन में अखिलेश कुमार मिश्र, रहीश मिश्रा, अनुग्रह उपाध्याय को पुरस्कृत किया गया। महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक प्रो. विधु द्विवेदी को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

बनारस स्टेशन पर किशोरी को टीटीई ने आरपीएफ को सौंपा
बनारस स्टेशन के प्लेटफाॅर्म संख्या 8 पर बुधवार को घर से नाराज होकर पहुंची किशोरी को टीटीई ने आरपीएफ को सौंप दिया। उसके परिजनों को सूचना भी दी गई। फिलहाल किशोरी आरपीएफ महिला कांस्टेबल की सुपुर्दगी में है। नई दिल्ली-बलिया सुपरफास्ट ट्रेन के आगमन के समय 15 वर्षीय किशोरी परेशान थी।

ड्यूटी पर तैनात चल टिकट परीक्षक अमृत राय ने टिकट चेकिंग के दौरान पूछताछ करने पर पता चला कि वह घर से बिना माता-पिता को सूचना दिए निकल आई है। टीटीई ने किशोरी से उसके पिता का मोबाइल नंबर लिया और सूचना दी।

बिजलीकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को भिखारीपुर के हनुमानजी मंदिर के पास विरोध सभा की। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रबंधन की ओर से बिजलीकर्मियों को परेशान किया जा रहा है। बिजली के निजीकरण, बिजलीकर्मियों के पास स्मार्टफोन न होने के बाद भी फेसिअल अटेंडेंस लगाने के नाम पर शोषण किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री जिस तरह का पोस्ट एक्स पर कर रहे है यदि वो किसी भी प्रकार के कार्य बहिष्कार पर या आंदोलन पर उतर जाएंगे तो ऊर्जा प्रबंधन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ट्रांजैक्शन कंसलटेंट की नियुक्ति में हो रहे घोटाले का खुलासा होने के बाद स्पष्ट हो गया है कि उत्तर प्रदेश के 42 जनपदों के निजीकरण के नाम पर भारी भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है। 

बिजली के निजीकरण के विरोध में गुरुवार को भी शाम 4 बजे विरोध प्रदर्शन होगा। इस दौरान मायाशंकर तिवारी, ई. नरेंद्र वर्मा, मदन श्रीवास्तव, संतोष वर्मा, जमुना पाल मौजूद थे। बिजली कर्मियों ने इस मामले में मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। 

बीएचयू में सुपर कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर से भूकंप के प्रभावों का अध्ययन शुरू
बीएचयू में सुपर कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल से भूकंप के प्रभावों का विश्लेषण किया जा रहा है। बुधवार को जियो फिजिक्स विभाग में भूकंपीय मॉडलिंग और माइग्रेशन पर तीन दिन की कार्यशाला की शुरुआत हुई। इसमें आईआईटी बीएचयू के परम शिवाय सुपर कंप्यूटर के इस्तेमाल से जियोफिजिक्स के छात्र-छात्राओं को बिग डेटा एनालिसिस की ट्रेनिंग दी गई।

सी-डैक, आईआईटी रुड़की और बीएचयू के जियो फिजिक्स विभाग की ओर से शुरू कराए गए इस कार्यक्रम में सी-डैक और आईआईटी रुड़की द्वारा विकसित SeisRTM सॉफ्टवेयर के माध्यम से भूकंपीय डेटा प्रोसेसिंग और इमेजिंग तकनीक बताई गई। हाईटेक भूकंपीय तकनीक से भी रूबरू कराया गया। 

विशेषज्ञों ने रिवर्स टाइम माइग्रेशन और वेव इक्वेशन आधारित इमेजिंग जैसी उन्नत तकनीकों की भी जानकारी दी गई। इस सॉफ्टवेयर को देशभर में स्वदेशी सेस्मिक इमेजिंग समाधान के रूप में बढ़ावा दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जियो फिजिक्स के हेड प्रो. जीपी सिंह, प्रो. एमके श्रीवास्तव, डॉ. संदीप आदि मौजूद थे।

जेब्रा क्रॉसिंग और रेड लाइट जंप करने पर कमांड सेंटर से होगा चालान
सिटी कमांड सेंटर से अब जेब्रा क्रॉसिंग और रेड लाइट क्रॉस करने पर चालान किया जाएगा। यह एक आधुनिक तरीका है। जो यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने में मदद करेगा। सिटी कमांड सेंटर में लगे कैमरे और सेंसर रेड लाइट जंप करने वाले वाहनों की पहचान करेंगे और चालान काटा जाएगा। 

सिटी कमांड सेंटर रथयात्रा, सिगरा, मलदहिया, साजन, अंधरापुल, चेतमणि सहित कई प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरे से चालान करेगा। इससे यातायात की स्थिति में सुधार होगा और दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी। सिटी कमांड सेंटर फेस-1 के इंचार्ज दुर्गेश सरोज ने बताया कि पहली बार में पांच सौ का चालान और दूसरी बार में 1500 का चालान किया जाएगा। चौराहे पर लोगों को जेब्रा क्रॉसिग और स्टॉप लाइन पर रुकना होगा।

सफाईकर्मी चंदन को निलंबित कर सारनाथ जोन से किया संबद्ध
फॉगिंग मशीन का पेट्रोल बाइक में डालने वाले पांडेयपुर सबजोन के सफाईकर्मी चंदन को निलंबित कर सारनाथ जोन से संबद्ध किया जाएगा। साथ ही सारनाथ के जोनल अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की ओर से आदेश जारी किया गया है। इस कार्य में मुख्य सफाई निरीक्षक ओम नारायण राठौर का वेतन रोक प्रतिकूल प्रविष्टी दी गई थी। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कर्मचारी अरुण को सेवा से विरत किया गया था।

गुरु से कर ले मेल, जरा धीरे धीरे जरा हौले हौले...
अस्सी घाट पर बुधवार को संत कबीर अकादमी, संस्कृति विभाग और सुबह ए बनारस के सहयोग से निर्गुण त्रिधारा भक्ति उत्सव का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सौरभ श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि डॉ. राजेश्वर आचार्य, डॉ. ऋतिक सान्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ओमप्रकाश पटेल और उनके साथियों ने कबीर के पदों का गायन किया। 

दूसरी प्रस्तुति डॉ. भारती बंधु की रही। उन्होंने संत कबीर के पदों की छत्तीसगढ़ की लोक शैली में प्रस्तुत किया। गुरु से कर ले मेल, जरा धीरे धीरे जरा हौले हौले...। इसके बाद डॉ. विधि नागर व उनकी शिष्याओं ने कथक नृत्य किया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। 

समावेशी शिक्षा पर आधारित शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण
चिरईगांव के बरियासनपुर के लोक चेतना समिति के सभागार में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। लोक चेतना समिति संस्था की निदेशिका रंजू सिंह ने संस्था के कार्यों के साथ ही प्रशिक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। नीलाद्री चक्रवर्ती ने बताया कि समावेशी शिक्षा का मतलब है कि सभी छात्रों को बिना किसी भेदभाव के सामान्य कक्षाओं में पढ़ने का मौका मिले। इसमे बच्चों को सीखने का सामान अवसर मिलता है।

शांति से मनाए सभी पर्व
सिंधोरा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को आगामी त्योहारों को देखते हुए लोगों के साथ बैठक की। बैठक में चैत्र नवरात्र, रमजान व ईद-उल-फितर को शांति के साथ मनाने पर बात हुई। ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सभी लोग कानून के दायरे में रहकर त्योहार मनाएं। किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम प्रतिनिधियों, क्षेत्र पंचायत सदस्य, धार्मिक गुरुओं, समाजसेवियों के लिए लोग मौजूद रहे।

मार्च में निगम के लैंडबैंक में 420 करोड़ की सरकारी भूमि
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर नवविस्तारित क्षेत्रों में सरकारी भूमियों को चिह्नित कर कब्जा लेने की कार्रवाई की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में मार्च में 42 बीघे सरकारी भूमि पर कब्जा लिया गया।

बाजार दर के अनुसार, इसकी कीमत 420 करोड़ रुपये की है। चिह्नित भूमि पहाड़ी, कंदवा, पोगंलपुर, सुल्तानपुर, कोदोपुर, मकदुमपुर, गणेशपुर, वाजिदपुर क्षेत्रों में पाई गई है। 42 बीघे सरकारी भूमि पर नगर निगम की ओर से बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। 

सोच लें गरीब नहीं रहना है, तो उसी दिन से आप होने लगेंगे अमीर
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के पास हुए नवाह्न पाठ में 111 ब्राह्मणों ने रामचरितमानस पर संगीतमय प्रस्तुति दी। आचार्य सूर्य लाल मिश्र ने भरत चरित्र की कथा का वर्णन किया। आप इच्छा शक्ति पैदा कर लें कि आपको गरीब नहीं रहना है तो उसी दिन से अमीर होना शुरू हो जाएंगे। भरत के चरित्र से मानव समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए। भरत जैसा भाई यदि समाज में हो तो घर-घर में सुख और समृद्धि बरसेगा। 

आज भाई-भाई आपसी जमीन जायदाद के लिए न्यायालय में मुकदमा लड़ रहे हैं। भरत जैसा भाई भगवान राम के लिए अपनी मां को त्याग दिया। अयोध्या आकर उन्हें पता चला कि उनके पीछे महल में किस प्रकार के षडयंत्र रचे गए थे। प्रभु श्रीराम 14 वर्षों के बाद पुनः अयोध्या लौटे तो भरत ने उन्हें वैसी ही अयोध्या लौटाई जिस प्रकार वे छोड़कर गए थे।

संघ का समरस और संगठित हिन्दू समाज के निर्माण का संकल्प
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के काशी प्रांत संघ ने समरस और संगठित हिंदू समाज के निर्माण के अपने संकल्प को दोहराया है। हाल ही में बंगलूरू में हुई हुई अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक से लौटने के बाद क्षेत्र कार्यवाह डॉ. वीरेंद्र जायसवाल ने बुधवार को पत्रकारों से बात की।

लंका स्थित विश्व संवाद केंद्र में डॉ. वीरेंद्र ने प्रतिनिधि सभा में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधि सभा ने बांग्लादेश सरकार से इन अत्याचारों को तत्काल रोकने और भारत सरकार से वहां के हिंदुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कूटनीतिक कदम उठाने की मांग की है। डॉ. जायसवाल ने पिछले 100 वर्षों में संघ की गौरवशाली यात्रा और शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने बताया कि संघ शताब्दी के उपलक्ष्य में विश्व शांति और समृद्धि के लिए समरस और संगठित हिंदू समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधि सभा में कर्नाटक की वीर योद्धा रानी अबक्का के जन्म के 500 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष वक्तव्य भी जारी किया गया। 

प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी ने प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान संघ के स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया जिसमें क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, काशी विभाग प्रचारक नितिन, सह प्रांत प्रचार प्रमुख अम्बरीष, अमित और काशी दक्षिण भाग प्रचार प्रमुख रविकान्त सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहें।

कैंट स्टेशन पर लगे 6 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर
कैंट स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर किए जाने को लेकर बुधवार को 6 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाया गया। मुख्य यात्री हाॅल में एक और दूसरे यात्री हाॅल में दो डिटेक्टर लगाए गए हैं। जल्द ही तीन और डीएफएमडी द्वितीय प्रवेश द्वार पर भी नए फुटओवरब्रिज के पास लगाए जाएंगे। प्रतिबंधित सामान लेकर इस डोर से आवाजाही पर अलार्म बज उठेगा। इससे सुरक्षा और तगड़ी होगी।

आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर बृहस्पतिवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी दौलतपुर में सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते अथका गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जीडी नगर, भक्ति नगर के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा।

इस सप्ताह बंद नहीं होंगे आयकर कार्यालय
आयकर कार्यालय शनिवार, रविवार और सोमवार 31 मार्च को भी खुला रहेगा। सभी दिन कार्यालय में काम-काज होगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति 31 मार्च सोमवार को होगी, जो कि एक अवकाश है।

इसके अलावा 29 मार्च शनिवार है और 30 मार्च रविवार है। इसलिए, लंबित विभागीय कार्यों को पूरा करने की सुविधा के लिए देश भर के सभी आयकर कार्यालय 29, 30 और 31 मार्च को खुले रहेंगे। चार्टर्ड एकाउंटेंट जीडी दुबे ने बताया कि यह निर्देश केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा प्रशासनिक सुविधा के लिए जारी किया गया है।

वाराणसी हॉकी टीम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल में
जिले की पुरुष हॉकी टीम ने प्रदेश स्तरीय आमंत्रण हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। अयोध्या में खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिले की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में बदायूं को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

यह प्रतियोगिता 23 मार्च से अयोध्या में चल रही है और इसमें प्रदेश भर की शीर्ष टीमें भाग ले रही हैं। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में वाराणसी की खेल विभाग की छात्रावास की टीम ने बदायूं को हरा दिया। टीम का फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को झांसी की टीम से होगा। 

रोजगार मेला में 42 युवाओं का हुआ चयन
क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय की तरफ से बुधवार को सेवापुरी, पिंडरा, बड़ागांव, आराजीलाइन, चिरईगांव और चोलापुर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें पंजीकृत 192 में से 42 युवाओं का चयन किया गया।

विकास खंडों में 27 मार्च तक ब्लॉकों में रोजगार शिविर लगेगा। कंपनियों की ओर से आठ ब्लॉकों से युवाओं का चयन होगा। 12 से 30 हजार तक सैलरी सिक्योरिटी गार्ड और बैंक में दी जाएगी। शिविर में बैंक में विभिन्न पदों पर, सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर और ऑफिसर ग्रेड की नियुक्ति होगी। हरहुआ, काशी विद्यापीठ में 27 मार्च गुरुवार को शिविर लगेगा।

अजीत मेहरोत्रा प्रांतीय अध्यक्ष, प्रमोदी बने महासचिव
भारत विकास परिषद के नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय की ओर से काशी प्रांत के सत्र 2025-26 के लिए पदाधिकारियों को मनोनीत किया गया। इसमें अजीत मेहरोत्रा को प्रांतीय अध्यक्ष, प्रमोद कुमार दूबे को प्रांतीय महासचिव और रमेश कुमार को प्रांतीय वित्त सचिव मनोनीत किया गया। नए पदाधिकारी एक अप्रैल से कार्यभार संभालेंगे। ये जानकारी क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव सुनील सिन्हा ने दी।

दुर्ग राक्षस का वध करने पर मां आदिशक्ति का नाम पड़ा दुर्गा
डाफी स्थित वाटिका में चल रही श्रीमद्देवी भागवत कथा के आठवें दिन बुधवार को साध्वी गीतांबा तीर्थ ने कहा कि दुर्ग नामक राक्षस का वध करने पर मां आदिशक्ति का नाम दुर्गा पड़ा। कहा कि दनु वश में दुर्ग नमक दानव था जो मां आदिशक्ति का बहुत बड़ा भक्त था।

उसने जप, तप, योग, संयम, नियम करके ब्रह्मा से वेद छीन लिया और वह देवताओं को ही परेशान करने लगा। सभी देवताओं ने मिलकर आदिशक्ति की आराधना की और प्रार्थना की कि वह अपने भक्त दुर्ग का संहार करें। इस पर आदिशक्ति चौसठ्ठी देवी के रूप में प्रकट होती हैं और दुर्ग राक्षस का नाश करती हैं।

कृष्ण नाम अनंत प्रेम और दिव्यता का प्रतीक
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के महामंडल लहुराबीर आवास पर चल रही श्रीमदभागवत कथा के पांचवें दिन व्यास अभिराम दासजी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का नामकरण संस्कार एक अत्यंत पवित्र और दिव्य संस्कार था। जब भगवान कृष्ण का जन्म मथुरा में हुआ तो उनका नामकरण नंद बाबा और यशोदा मां ने किया। 

उनका नाम कृष्ण रखा गया, जो उनके अनंत प्रेम और दिव्यता का प्रतीक है। कृष्ण शब्द का अर्थ है ‘जो सर्वत्र आकर्षण करता है’। भगवान का नाम लेने से जीवन के सभी पाप समाप्त हो जाते हैं और व्यक्ति को मुक्ति का मार्ग मिलता है। 

राष्ट्रीय शिक्षा नीति को जमीन पर उतारने का काम शिक्षकों का
बीएचयू के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र में बुधवार को ग्लोबल पर्सपेक्टिव ऑफ इंडियन एजुकेशन विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का समापन हुआ। समापन सत्र के मुख्य अतिथि गुरुघासी दास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को जमीन पर उतारने का काम शिक्षक वर्ग का है। 

विशिष्ट अतिथि देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के प्रो. रजनीश जैन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सूत्र वाक्य में लिखा गया है। इसे बार बार पढ़कर सभी हितधारकों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य चरित्र निर्माण ही होना चाहिए। 

इस कॉनक्लेव में दो समानांतर सत्रों में कुल 28 सत्र आयोजित हुए। इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के 100 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. दीप्ति गुप्ता, डॉ. राजा पाठक, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. राज सिंह सहित आदि मौजूद रहे।

520 गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा का अवसर
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में नर्सरी और कक्षा एक में मुफ्त प्रवेश के लिए आयोजित चौथे और अंतिम चरण की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। इसमें जिले के कुल 686 बच्चों ने आवेदन किया था। सत्यापन के बाद 602 आवेदन पत्र योग्य पाए गए। इसमें लॉटरी प्रक्रिया से 520 बच्चों का चयन किया गया है, जबकि 82 बच्चे इस चरण में प्रवेश पाने से वंचित रह गए। 

चयनित बच्चों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू होगी। सत्र 2025-26 के लिए, आरटीई के तहत पहले तीन चरणों में नौ हजार गरीब बच्चों को जिले के 1554 निजी विद्यालयों में मुफ्त शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल चुका है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि आरटीई अधिनियम के तहत तीन चरणों में सीट आवंटन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। 

चौथे चरण की लॉटरी प्रक्रिया भी संपन्न हो गई है। जल्द ही चयनित छात्रों की सूची जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारियों को सूची प्राप्त होने के बाद संबंधित विद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित करके दाखिले की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कराएंगे। 

द्वापर में ही कलियुग का संदेश दे गए कृष्ण
संघे शक्ति कलियुग यानी कलियुग में संगठन ही शक्ति है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को उठाने की अपनी लीला के माध्यम से द्वापर में ही यह संदेश दे दिया था। उन्होंने अपनी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाने के साथ ही सभी ग्वाल बालों को अपनी लाठियां भी लगाने को कहा। इससे यह संदेश दिया कि सभी एकजुट हो जाएं तो दुष्कर कार्य भी आसानी से हो जाएंगे। 

ये बातें पंडित नर नारायण शास्त्री ने दशाश्वमेध घाट स्थित श्रीराम मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन बुधवार को कहीं। उन्होंने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। इससे पूर्व श्रीराम मंदिर की महंत साध्वी कृष्णा ने पूजन किया। 

जिन खेतों में स्त्री श्रम करती है, कागज पर उसका नाम नहीं होता
आर्य महिला पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से बुधवार को विकसित भारत@2047 में महिलाओं की भूमिका, चुनौतियां और रणनीतियां विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव ने कहा कि खेतों में श्रम करने अन्न उगाने वाली स्त्री उपेक्षित रह जाती है क्योंकि जिन खेतों पर स्त्री श्रम करते हैं, कागज पर उसका कहीं कोई नाम नहीं होता। 

इसलिए यदि केवल आंकड़ों पर जाएंगे तो स्त्रियों के योगदान को अच्छी तरह समझ नहीं पाएंगे। राष्ट्र की समृद्धि और विकास से यदि िस्त्रयों का योगदान निकाल दिया जाए तो जो परिदृश्य बचेगा वह अधूरा रह जाएगा। 

प्रो. संजय मिश्रा ने कहा कि किसी भी राष्ट्र में स्त्रियों के सहयोग के बिना विकास संभव ही नहीं। सुशांत कुमार कश्यप ने स्त्री की स्थिति 1947 से लेकर अब तक किस तरह बदली, उस पर बात की। संगोष्ठी में कॉलेज के संरक्षक डॉ. शशिकांत दीक्षित, पूजा दीक्षित, डॉ. अन्नपूर्णा दीक्षित आदि ने विचार रखे। 

मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए जैविक खेती करें किसान
पिंडरा क्षेत्र के ग्राम राजपुर में डीह बाबा मंदिर परिसर में बुधवार को नमामि गंगे योजना के तहत जैविक किसान मेला लगा। विभिन्न जैविक उत्पाद स्टालों का अतिथियों ने अवलोकन किया। मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदीश नारायण ने कहा कि मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने और निरोग रहने के लिए रासायनिक खेती का त्याग कर अब किसानों को जैविक खेती को अपनाना होगा। 

प्रगतिशील किसान हरिशंकर सिंह, धीरज सिंह, आनंद प्रकाश सिंह ने देसी गाय पालन, मिट्टी में जीवांश बढ़ाने, गोमूत्र व गोबर गुड़, चने का बेसन, जीवांश युक्त मिट्टी को मिलाकर जीवामृत घोल का प्रयोग, लाइन में फसलों की बुवाई, मिलवा खेती करने, बीज शोधन के लिए ट्राइकोडरमा का प्रयोग, देसी बीज का प्रयोग करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ग्राम प्रधान रमेश पटेल, अर्पित सिंह, प्रवीण सिंह, संदीप तेवतिया, तेज बहादुर गुप्ता उपस्थित रहे। 

नंदी भी कह रहा है मेरा है ज्ञानवापी...
कटिंग मैदान में सरकार के आठ साल पूरे होने पर चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों में बुधवार को कवि सम्मेलन हुआ। लखनऊ से आए अभय सिंह निर्भीक ने ओज कविता से दर्शकों की वाहवाही लूटी। उन्होंने ज्ञानवापी पर कविता पाठ करते हुए पंक्तियां पढ़ीं, मुठ्ठी में भस्म लेकर यदि हम निकल पड़ेंगे, भक्तों के साथ भैरव शंकर भी चल पड़ेंगे..., काशी है शिव की नगरी छोड़ो यह आपाधापी, नंदी भी कह रहा है मेरा है ज्ञानवापी...। इसके अलावा उन्होंने सेना के जवानों पर कविता सुनाई। वहीं, प्रयागराज से आए कवि अमित शर्मा ने साहित्य का साधक मैं शब्द सजाने आया हूं... कविता पर तालियां बंटोरी। 

सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
राजमंदिर स्थित काशी व्यायामशाला में बुधवार को आयोजित होली मिलन समारोह में सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सफाई मित्रों व सुपरवाइजरों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए जो ऐतिहासिक व्यवस्था की, उसमें सफाई मित्रों का सबसे बड़ा योगदान था। इस मौके पर नलिन नयन मिश्र, पार्षद कनकलता मिश्रा, आत्मा विशेश्वर, साधना वेदांती, संतोष सोलापुरकर, दिलीप साहनी आदि मौजूद रहे। 

पांडुलिपियों का संरक्षण भावी पीढ़ी के लिए अमूल्य उपहार
केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में बुधवार को डिजिटल मानविकी के युग में राहुल सांकृत्यायन की विरासत बौद्ध पांडुलिपि का संरक्षण विषयक कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि संस्कृति मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार रंजना चोपड़ा ने कहा कि पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण होगा जो आने वाली पीढ़ी के लिए अमूल्य उपहार होगा। इस मौके पर कुलसचिव डॉ सुनीता चंद्रा समेत अन्य मौजूद रहे। 

सतीश चौबे काे ढांढस बंधाते अजय राय। - फोटो : अमर उजाला
मनीष चौबे का असमय निधन, हम सबकी अपूर्णीय क्षति : अजय राय
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी बुधवार को दिवंगत कांग्रेस नेता मनीष चौबे के आवास पर पहुंचे। उन्होंने चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मनीष चौबे के पिता कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चौबे से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। 

अजय राय ने कहा कि मनीष चौबे का असमय निधन होना हम सबकी व कांग्रेस की अपूर्णीय क्षति है। सतीश चौबे का परिवार कांग्रेस का स्तंभ है। यह लोग पीढ़ियों से कांग्रेस परिवार के लिए कार्य कर रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, पंकज सोनकर, डॉ. राजेश गुप्ता, दिलीप चौबे, रोहित दुबे मौजूद रहे।

दो कंपोजिट विद्यालयों में स्थापित की आधुनिक कंप्यूटर लैब
परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने जिले के एक निजी कंपनी के सहयोग से दो कंपोजिट विद्यालयों में अत्याधुनिक कंप्यूटर प्रयोगशालाओं को स्थापित किया गया। ये कंप्यूटर लैब आधुनिक कंप्यूटरों, हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी और इंटरैक्टिव लर्निंग टूल्स से लैस हैं।

इससे लगभग 500 छात्रों को एक समृद्ध और तकनीकी रूप से उन्नत शिक्षण वातावरण मिलेगा। पाठ्यक्रम में प्रौद्योगिकी के एकीकरण के साथ, छात्र कंप्यूटर विज्ञान के बुनियादी सिद्धांतों को सीखने में सक्षम होंगे, जिससे उनके समग्र कौशल क्षमता में वृद्धि होगी और उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

मेधावी छात्रों को दी गई छात्रवृत्ति
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 475 मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने और उनके बेहतर भविष्य के लिए छात्रवृत्ति और पुरस्कार दिए गए। इस मौके पर 84 विद्यालयों के निदेशक, प्रधानाचार्य और प्रभारी भी उपस्थित रहें।

छात्रों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और शैक्षिक सामग्री दी गई। मुख्य अतिथि शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अरविंद पांडेय ने सभी छात्रों को रोजाना एक घंटे पुस्तक पढ़ने को कहा। फाउंडेशन के अध्यक्ष ने कहा कि यह छात्रवृत्ति उन बच्चों के लिए है जो आर्थिक रूप से कमजोर होकर भी पढ़ाई में असाधारण प्रतिभा रखते हैं।

ईद पर सौगात-ए-मोदी से विपक्ष के झूठ की दीवार ढही: मोहले
पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले ने बुधवार को बयान जारी किया। कहा कि ईद के मुबारक मोके पर 32 लाख गरीब मुसलमानों को भाजपा की ओर से सौगात - ए - मोदी के अभियान से विपक्ष की पार्टियों में कोहराम मचा है। इससे भाजपा के बारे में विपक्ष के झूठ और भ्रम की दीवार ढह गई है। 

दूसरी तरफ राजनीति के जानकार इसे समाज में सद्भाव और सौहार्द को मजबूत बनाने की दिशा में पीएम मोदी का मास्टर स्ट्रोक बता रहे हैं। इस बीच भाजपा के नेताओं ने सौगात-ए-मोदी अभियान की सराहना की है । इसे विपक्ष को आइना दिखाने वाला है। एक ओर जहां विपक्षी दल मुस्लिमों को सिर्फ एक वोट बैंक की नजर से देखते हैं वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सही मायनों में ईदी के जरिये सद्भाव व भाई चारे की भारतीय संस्कृति का सशक्त सन्देश दिया है।

आयुष्मान भारत योजना से जयश्री प्रसाद हुए स्वस्थ
आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब और कमजोर परिवारों को मुफ्त और कैशलेस इलाज मिल रहा है। जिससे उनकी जान बच रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि पहाड़पुर निवासी 73 वर्षीय जयश्री प्रसाद ने सूर्योदय अस्पताल में उन्नत उपचार के लिए ओपीडी में दिखाया, जहां उन्हें आयुष्मान भारत योजना के रूप में बहुत सहायता मिली।

इस योजना के तहत एक पात्र लाभार्थी होने के नाते, उन्होंने वहाँ अपना इलाज करवाया। जयश्री प्रसाद ने बताया कि उनको दिल की बीमारी थी। इस योजना से उनकी जान बच गई। सरकार की यह योजना हमारे जैसे लोगों के लिए एक बड़ा सहारा है।

30 मार्च को नववर्ष का स्वागत
पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले ने बताया कि हर साल की तरह सनातन धर्म व संस्कृति के अनुपालन के क्रम में कुसुम मोहले स्मृति सनातन न्यास की 30 मार्च को अस्सी घाट पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सुबह पांच बजे भगवान भाष्कर को अर्घ्य अर्पित कर भारतीय नववर्ष का स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा।

आरएसएस : नव संवत्सर पर स्वयंसेवक करेंगे पथ संचलन
नव वर्ष प्रतिपदा पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक पथ संचलन करेंगे। यह पथ संचलन संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से शुरू होगा और जगतगंज, लहुराबीर, मलदहिया होते हुए तेलियाबाग से वापस संपूर्णानंद विश्वविद्यालय तक आएगा। संघ ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इसी दिन संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती मनाई जाती है। इस साल यह वर्ष संघ का शताब्दी वर्ष भी है। इसके चलते विशेष तैयारियां चल रही हैं। इस बार पथ संचलन में करीब पांच हजार से अधिक स्वयंसेवकों को शामिल किया जाएगा।

नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक आज, कई फैसले होंगे
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में होगी। इसकी सूचना बुधवार को कार्यकारिणी सदस्यों को दी गई। कार्यकारिणी में तंबाकू उत्पादों की बिक्री, नगर निगम की दुकानों के किराये में वृद्धि, बिरला अस्पताल के लीजरेंट, विज्ञापन और अनुज्ञा शुल्क, एसटीपी के रखरखाव के लिए वन सिटी वन ऑपरेटर का प्रस्ताव रखा जाएगा। 

11 पार्कों में डेयरी प्रोडक्ट, निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी आदि पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि आगामी गर्मी और बारिश की तैयारियों पर चर्चा होगी। 
विज्ञापन

पीएम मोदी ने ढहाई झूठ की दीवार : रामगोपाल मोहले
सौगात-ए-मोदी कार्यक्रम की पूर्व मेयर रामगोपाल मोहले ने सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष की झूठ की दीवार ढहा दी है। विपक्षी दल मुस्लिमों को सिर्फ एक वोट बैंक की नजर से देखते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ईदी के जरिये सद्भाव और भाईचारे की भारतीय संस्कृति का सशक्त संदेश दे रहे हैं।

मोहले ने कहा कि सनातन धर्म व संस्कृति के अनुपालन के क्रम में कुसुम मोहले स्मृति सनातन न्यास की तरफ से 30 मार्च को अस्सी घाट पर कार्यक्रम किया जाएगा। सुबह पांच बजे सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भारतीय नववर्ष का स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें