हरहुआ में दो सड़क हादसे, युवक और महिला कांस्टेबल घायल
रिंग रोड फेज-1 पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक महिला कांस्टेबल घायल हो गए। पहला हादसा दोपहर में वाजिदपुर में हुआ, जहां बड़ागांव निवासी अजय मौर्या को कार ने टक्कर मार दी। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इसी तरह दूसरा हादसा रिंग रोड चौराहे पर हुआ, जहां आजमगढ़ निवासी महिला कांस्टेबल किरन, ड्यूटी खत्म होने के बाद स्कूटी से तरना स्थित अपने कमरे पर लौट रही थी। इसी दौरान एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे कांस्टेबल का पैर फैक्चर हो गया। पुलिस ने कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज जारी है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों की जांच की जा रही है।
एक हफ्ते में 55 लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज
कैंट स्टेशन पर पिछले एक हफ्ते में आरपीएफ ने 55 लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है। कैंट आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि गलत पार्किग के 14 मुकदमे, न्यूसेंस व गंदगी के 25 मुकदमे, गलत ट्रेस पास में एक मुकदमा, 6 मुकदमे अवैध खान-पान की सामग्री बेचने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 16 से 22 मार्च के दौरान यह कार्रवाई की गई। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
घर से भागी किशोरी को आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन को सौंपा
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या छह से किशोरी को आरपीएफ ने बरामद किया और उसे चाइल्ड लाइन को सौंपा। कैंट आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि शिवपुर क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पूछताछ में बताया कि वह परिजनों से नाराज होकर घर से भागी थी। वहीं, स्टेशन परिसर से 10 वर्षीय बालक को आरपीएफ ने चाइल्ड लाइन को सौंपा।
अंग्रेजी शराब की बोतलों पर पुलिस ने चलाया रोड रोलर
तस्करी में पकड़ी गई अवैध अंग्रेजी शराब को पुलिस ने शनिवार को क्षेत्र में नष्ट कराया। आबकारी और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शराब की बोतलों पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कराया गया।
एडीसीपी काशी सरवणन टी ने बताया कि नगर के रामबाग पोखरा के समीप बावन बीघा में शराब नष्ट की प्रक्रिया पूरी की गई। पेटी से शराब की बोतल निकाल कर उस पर रोड रोलर चलाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि अवैध तरीके से शराब की तस्करी कर बिहार ले जाते समय हाईवे से शराब की खेप पकड़ी गई थी। इस दौरान एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक व आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
भैंस खरीद-बिक्री को लेकर मारपीट, तीन पर केस दर्ज
शिवपुर के सभईपुर में भैंस खरीद बिक्री को लेकर दिनेश और अर्जुन की पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने तीन के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़ित कादीपुर निवासी दिनेश ने बताया कि वह अपने मित्र अर्जुन के साथ भैंस खरीदने के लिए सभईपुर चौराहे पर पहुंचा था तो इस बीच सभाजीत यादव, आनंद राजभर, अहमदपुर व राजेंद्र यादव उर्फ पथरू निवासी हरिहरपुर ने मारपीट की।
लॉन संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित लॉन से दूल्हे के पिता के बैग से 2.65 लाख रुपये चोरी हो गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने लॉन संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया। सारंग तालाब निवासी सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनके बेटे डॉ. अभिषेक प्रकाश शर्मा की शादी 12 जुलाई 2024 को मां अन्नपूर्णा मैरिज हॉल, ओमनगर कॉलोनी, बेनीपुर, पहड़िया में थी।
रात के समय एयर बैग से 2.65 लाख रुपये चोरी हो गए। लॉन संचालक और व्यवस्थापकों ने सीसी कैमरे का फुटेज तक नहीं दिखाया। बाद में कहा कि सीसीटीवी कैमरे खराब है। आरोप है कि चोरी में लॉन संचालक और व्यवस्थापक की मिली भगत है।
दहेज प्रताड़ना के मामले में पति सहित आठ पर केस दर्ज
दहेज के लिए प्रताड़ना के मामले में पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने पति सहित आठ लोगो पर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि 23 दिसंबर 2023 को डॉ. संदीप अपने परिजनों के साथ शादी करने के आश्वासन पर 10 जनवरी 2024 को शादी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके बाद फरवरी को अपने घर ले गया।
ससुराल में कुछ दिन रहने के बाद ससुराल वालों ने 10 लाख नकद व चार पहिया वाहन की मांग करते हुए शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देने के साथ तलाक देने की धमकी देने लगे। पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने पति डॉ संदीप,ससुर राजनाथ,सास गीता देवी,जेठ अंगद व पंकज,जेठानी माला व रेनू , ननद मनीषा के खिलाफ दहेज मांगने व शारीरिक, मानसिक प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया।
दहेज हत्या मामले में पूर्व प्रधान सहित तीन गिरफ्तार
रोहनिया के बसंतपट्टी गांव में दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को मृतका के पति, ससुर (पूर्व प्रधान) और सास को उनके घर से गिरफ्तार किया है। बीते शुक्रवार को बसंतपट्टी निवासी 28 वर्षीय नेहा सिंह अपने घर में पंखे से लटकी हुई मिली थी।
पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग को लेकर नेहा को प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के पिता कृष्ण कुमार की तहरीर पर रोहनिया पुलिस ने नेहा के पति अभिषेक सिंह, ससुर परमानंद और सास रीता देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
टूरिस्ट बस चालक से चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
रोहनिया पुलिस ने 6 माह पहले केसरीपुर भास्करा तालाब के पास टूरिस्ट बस के चालक से हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का मोबाइल और 1240 रुपये नगद बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि छह महीने पहले मध्य प्रदेश से तीर्थयात्रियों को लेकर आई एक टूरिस्ट बस भास्करा तालाब के पास रुकी थी। रात में जब सभी यात्री सो रहे थे, तब किसी ने चालक का पर्स और मोबाइल लेकर भाग गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपी सुभाष कुमार और रमेश पटेल को भास्करा तालाब के पास से गिरफ्तार किया।
शिव मंदिर से डेढ़ किलो के चांदी के नाग देवता चोरी
सेवापुरी थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में शिव मंदिर के अर्घा पर लगा चांदी नाग देवता चोरी हो गए। शुक्रवार की रात आठ बजे भक्त पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। शनिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसी कैमरों को खंगाला।
सीसी कैमरे के फुटेज में दिखा कि दोपहर में एक व्यक्ति स्कूटी से पहुंचा और मंदिर परिसर के बाहर लगे सीसी कैमरे को डिस कनेक्ट किया, उसके बाद पूजा की। कैमरे पर टेप चस्पा कर चांदी के नाग देवता को लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में यह तीसरी चोरी की घटना है। चांदी के नाग देवता का वजन डेढ़ किलो था।
उधर, जंसा थाना के प्राथमिक विद्यालय परसीपुर में शुक्रवार की रात चोरों ने पांच कमरों का ताला तोड़कर गैस सिलिंडर समेत अन्य सामान चुरा ले गए। प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार यादव व ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने पुलिस को सूचना दी।
लिथियम बैटरी लदे ट्रक में लगी आग, लाखों को नुकसान
मिर्जामुराद क्षेत्र के बंगला चट्टी स्थित फ्लाइओवर पर शनिवार की सुबह लिथियम बैटरी लदे ट्रक में आग लग गई। इसमें लाखों रुपये की बैटरी जल गई। गाजियाबाद से लिथियम बैटरी लादकर ट्रक चालक रांची के लिए निकला था। मिर्जामुराद स्थित बंगला चट्टी फ्लाइओवर पर शॉर्ट सर्किट से ट्रक में आग लग गई।
धुंआ देखकर चालक एटा के हमीरपुर निवासी बृजेश कुमार ने ट्रक रोक दिया। आसपास के ग्रामीणों ने पानी फेंक आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रक में रखी अधिकतर बैटरी जल चुकी थी। मिर्जामुराद पुलिस ने ट्रक को हाईवे से किनारे कराकर यातायात बहाल कराया।
शराब की 10 दुकानों पर लगाया ताला तो जमा किए लाइसेंस शुल्क
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम की टीम ने शराब और बीयर की 10 दुकानों के खिलाफ तालाबंदी की कार्रवाई की। यह दुकानदार लाइसेंस शुल्क जमा नहीं कर रहे थे। तालाबंदी होते ही सभी ने चार लाख 75 हजार रुपये बकाया लाइसेंस शुल्क जमा कर दिया।
उप नगर आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने बताया कि डिठोरी महाल और शिवपुर सब्जी मंडी के पास बीयर की दो दुकानें, डिठोरी महाल और सरसौली में देशी शराब की तीन दुकानें, शिवपुर सब्जी मंडी, बड़ालालपुर और चांदमारी में अंग्रेजी शराब की तीन दुकानों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही दो बार एंड रेस्टोरेंट जिनके नाम होटल कोस्टा रिवेरा मलदहिया और बार कोस्टा रिवेरा मलदहिया पर भी कार्रवाई की गई। इन दुकानों पर लंबे समय से लाइसेंस शुल्क बकाया था।
पुलिस चौकी के पास दो मकानों में चोरी
मिर्जामुराद के करधना पुलिस चौकी के पास शुक्रवार की रात चोरों ने पुलिसकर्मी समेत दो मकानों को निशाना बनाया। करधना गांव निवासी पुलिसकर्मी कमलेश गौड़ गोरखपुर में तैनात हैं। वही उनके बड़े भाई मुन्ना गौड़ प्रयागराज में शिक्षक हैं। घर पर केवल महिलाएं रहती हैं।
रात में छत के सहारे मकान में घुसे चोर महिलाओं व बच्चों वाले कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और दूसरे कमरे में रखे आभूषण और 20 हजार नगदी उठा ले गए। सुबह महिलाओं चोरी की जानकारी हुई। वहीं, करधना पुलिस चौकी के पास जैनु हाजी के मकान में चोरी हुई। शनिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
बनारस प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर, आज से बढ़ सकता है पारा
गर्मी और ठंडी के मिलाजुला मौसम अब समाप्ति की ओर है। तापमान तेजी से ऊपर जाने के संकेत मिल रहे हैं। शनिवार को इसकी बानगी दिखी। बनारस प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला बन गया। पारा सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। 36.7 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला प्रयागराज रहा।
शनिवार को वाराणसी में तीखी धूप और गर्मी ने बेहाल कर दिया। हवा भी 10 किलोमीटर प्रति घंटे की ज्यादा स्पीड से नहीं चली। हवा में नमी शाम तक 20 फीसदी पर आ गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक वाराणसी का मौसम साफ रहेगा। बारिश या बादल छाने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। इसके अलावा आज के बाद तापमान में 4-5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
संकटमोचन में लगाया भोग, हुआ प्रसाद वितरण
अग्रणी सामाजिक संस्था संकल्प ने संकल्प अन्नक्षेत्र कार्यक्रम के तहत शनिवार को श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में भोग लगाया। इसके बाद चौक पर खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया। संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि हम श्री काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के नगरवासी है। हमारा छोटा सा प्रयास बड़ा सामाजिक बदलाव ला सकता है। प्रसाद वितरण में सोनम, विनोद जैन, मृदुला अग्रवाल का सहयोग रहा। गिरधर दास अग्रवाल, संतोष कुमार अग्रवाल, संजय अग्रवाल भी मौजूद रहे।
भंदह कला में खुला ओपन जिम
स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के संदेश के साथ भंदह कला में महिलाओं को सूर्य नमस्कार समेत योग प्राणयाम का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से महिलाओं के लिए ओपन जिम के उपकरण लगाए गए हैं। सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट ने महिलाओं और किशोरियों के लिए ओपन जिम का शुभारंभ किया है। ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभाचार्य पांडेय ने कहा कि गांवों में भी मोटापा एक बड़ी समस्या बन रहा है।
होली मिलन समारोह में हुईं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
संस्कार ब्राह्मण महिला संगठन की ओर से शनिवार को भेलूपुर के एक होटल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें संगठन की महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महिला सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
भक्ति और प्रेम से ओतप्रोत राधा-कृष्ण पर आधारित संगीतमय नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही पिछले महीनों में जन्मे सदस्यों का जन्मदिन भी मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष अंशुमाला ने किया। इस दौरान वंदना दूबे, मधुलिका पांडेय, सुषमा शर्मा, नमिता तिवारी, डॉ. सुनीता डोंगरे मौजूद रहीं।
60 विद्यार्थियों को मिला नि:शुल्क टैबलेट
बीएचयू के आयुर्वेद संकाय स्थित सिद्धांत दर्शन विभाग के आत्रेय कक्ष में 60 विद्यार्थियों नि:शुल्क टैबलेट वितरण किया गया। मुख्य अतिथि सांसद (राज्यसभा) सीमा द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि विधायक नीलकण्ठ तिवारी उपस्थित रहे। विधायक नीलकण्ठ तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना छात्रों को तकनीकी रूप से समृद्ध बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने युवाओं से इस अवसर का सर्वोत्तम उपयोग करने का आह्वान किया। सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि तकनीक और शिक्षा का समन्वय ही राष्ट्र की प्रगति का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे इस टैबलेट का उपयोग केवल अध्ययन तक सीमित न रखें, बल्कि अपने कौशल विकास एवं समाज सेवा में भी इसे साधन बनाएं।
भगवान श्रीकृष्ण ने सनातनियों के लिए प्रशस्त किया सहभोज का मार्ग
मराठी समाज के पं. विजय कृष्ण भागवत ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीला से सभी सनातनियों के सहभोज का मार्ग प्रशस्त किया। जब वो गाय चराने जंगल जाते थे तो खाने की वस्तुओं सब में बराबर बांट कर खाते थे। शनिवार को पांडुरंग प्राकृत जनोत्सव में कृष्ण भागवत का नारदीय कीर्तन कर रहे थे।
तबले पर पं किशन रामडोहकर और हारमोनियम पर पं. जमुना बल्लभ गुजराती भइयन ने संगत की। चिंतामणि गणेश मंदिर के महंत चल्ला सुब्बाराव शास्त्री, प्रो. माधव जनार्दन रटाटे, घनश्याम सागरकर, अनुपम दीक्षित, उदय कंठाले मौजूद थे। स्वागत पं अनंत घोड़ेकर और संचालन षडानन पाठक कारखेड़कर ने किया। कीर्तन के बाद सभी भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।
कबड्डी में गोरखपुर ने वाराणसी को हराया
ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में मऊ ने आजमगढ़ को पराजित कर दिया। शनिवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा के जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश की 10 टीमें गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, भदोही एवं आजमगढ़ हिस्सा ले रही हैं। चौथा मैच वाराणसी बनाम गोरखपुर के बीच खेला गया। जिसमें गोरखपुर ने वाराणसी को 16-4 से पराजित किया।
तीन अप्रैल को पहुंचेंगे संघ प्रमुख, तैयारियां शुरू
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत पांच दिवसीय काशी प्रवास पर तीन अप्रैल को पहुंचेंगे। शनिवार को निवेदिता शिक्षा सदन महमूरगंज में तैयारियों को लेकर बैठकें होती रहीं। उनके प्रवास और उनके साथ के लोगों के प्रवास की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक हुई। जल्द ही इन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुताबिक चार अप्रैल को सुबह एक शाखा में शामिल होंगे और संघ स्वयंसेवकों के साथ संवाद करेंगे। पांच अप्रैल को व्यापारी वर्ग से मिलेंगे और वहीं छह अप्रैल को शाखा में शामिल होंगे और फिर स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। सात अप्रैल को वह वापस चले जाएंगे।
मुआवजे के लिए रविवार को किसान देंगे धरना
राष्ट्रीय राजमार्ग-233 के निर्माण से प्रभावित केराकत तहसील के किसान मुआवजा न दिए जाने व टोल प्लाजा ढेरही बलरामगंज पर हो रही वसूली का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे 23 मार्च को विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे। किसान नेता अजीत सिंह ने बताया कि मुआवजा न मिलने व अधूरी सड़क व टोल पर हो रही वसूली को रोकने के लिए ज्ञापन दिया था। लेकिन किसी भी समस्या का समाधान नहींं हुआ है। अब टोल प्लाजा पर ही धरना प्रदर्शन करेंगे।
सत्य आचरण करने से ही होगा सतयुग का आगाज
दशाश्वमेध घाट के प्राचीन श्रीराम मंदिर प्रांगण में शनिवार को भागवत सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इससे पहले कलश यात्रा निकाली गई। दशाश्वमेध घाट से कलश में जल भर कर भक्त गण गलियों से मंदिर पहुंचे। घाट पर ही श्रीमद्भागवत ग्रंथ का विधिवत पूजन किया गया।
श्रीमद्भागवत सप्ताह के मंगलाचरण के बाद कथा व्यास पंडित नरनारायण शास्त्री ने कहा कि सभी के सत्य आचरण करने से ही सतयुग का आगाज होगा। कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सत्य का साथ दिया और अर्जुन का सारथी बनकर विजय दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य यजमान पिंटू श्रीवास्तव, महंत साध्वी कृष्णा दासी, चित्रकूट की महंत साध्वी मीरा, महंत परमेश्वर दास, रघुनंदन दास उपस्थित रहे।
गौरव मिश्र व सुभाष सिंह की चैती से झंकृत हुई वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित साप्ताहिक आयोजन वरुणा संध्या शनिवार को सजाई गई। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में पहली प्रस्तुति सुभाष सिंह ने राग भैरवी में आज खेलो श्याम संग होरी रे....से शुरूआत की। इसके बाद फिर सुमिरन कर ले हरि नाम... व राम सिया राम... भजन पेश किया।
मंच पर द्वितीय प्रस्तुति गौरव मिश्र के रंग डारूंगी नंद के लालन पे... और चैती सेजिया से सैयां रूठ गईलन हो रामा....सुनाया। इसके बाद तीसरी प्रस्तुति डिमिक-डिमिक डमरू कर नाचे के बाद समापन राम नाम अति मीठा है... से किया। कलाकारों को प्रमाण पत्र व अंगवस्त्रम 39 जीटीसी के ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता एवं ज्योति दत्ता ने प्रदान किया।
अतिथियों का स्वागत अजय गुप्ता ने किया। मंच संचालन तनुज कुमार वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया। इस दौरान काशी राम कुशवाहा, दुर्गा प्रसन्ना, जैनेंद्र राय, विक्रम मल्होत्रा, यज्ञदत्त पटेल उपस्थित रहे।
माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष बनीं कविता, मंत्री कुमुद
माहेश्वरी महिला संगठन का पद ग्रहण समारोह शनिवार को महमूरगंज के माहेश्वरी भवन में आयोजित हुआ। शुभारंभ शशि नेवर, भारती करवा और सुधा भुराड़िया ने किया। इस दौरान अध्यक्ष कविता मारू, मंत्री कुमुद चांडक, कोषाध्यक्ष तनु चांडक, उपाध्यक्ष प्रिया करवा, संगठन मंत्री सुनीता राठी, उप-मंत्री मनीषा राठी, सांस्कृतिक मंत्री कोमल कचौलिया एवं राजश्री धूत तथा प्रचार मंत्री शशि राठी को चुना गया।
अध्यक्षता ऊषा मंत्री और संचालन रश्मि राठी एवं लक्ष्मी सोमानी ने किया। साल भर के कार्यक्रम की संयोजिकाओं को पुरस्कृत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन अनीता डागा ने किया। इस दौरान उषा मंत्री, जगदीश राठी, नवनीत कोठारी, कृष्ण कुमार काबरा, मौजूद थे।
दस छात्राओं को दीं साइकिल
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शनिवार को चितईपुर स्थित होप वेलफेयर ट्रस्ट कार्यालय में दस छात्राओं को साइकिलें दीं। यह छात्राएं घर से काफी दूर पढ़ाई करने जाती हैं। उन्होंने बताया कि यह साइकिलें राजभवन की ओर से मिली थीं। इसके अलावा 100 जरूरतमंद परिवारों को राहत किट भी दी गई। इसमें डबल बेड मच्छरदानी, बाल्टी, ब्रश, साबुन समेत अन्य जरूरी सामान था।
वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष सुशील और महामंत्री श्यामजी ने ली शपथ
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के चयनित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं होली मिलन समारोह शनिवार को हुआ। रामकटोरा स्थित चिंतामणि बाग में आयोजित समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के लोगों के साथ अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर एस हलवासिया ने अध्यक्ष पद पर सुशील गुप्ता, महामंत्री पद पर श्याम जी सेठ और कोषाध्यक्ष पद पर बल्लभ अग्रवाल को शपथ दिलाई। इसके साथ ही उपाध्यक्ष, मंत्री, संयुक्त मंत्री, प्रचार मंत्री, विधिक सलाहकार को भी शपथ दिलाई गई। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण जायसवाल ने की। संस्थापक मंडल में आरके चौधरी, वीरेंद्र सैनी, राम नारायण कसेरा, डॉ. एसके गुप्ता और अशोक सर्राफ मौजूद रहे। संचालन अनूप गुप्ता और शंभूनाथ अग्रहरि ने किया।
तकनीकी पुस्तकें हिंदी में लिखें : महाप्रबंधक बरेका
बरेका राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बराकास) की बैठक शुक्रवार को हुई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक के दौरान हिंदी में काम काज पर जोर दिया गया। महाप्रबंधक ने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करें।
वाराणसी नगर में साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में हिंदी के प्रयोग में अतुलनीय योगदान दिया है। तकनीक एवं विज्ञान से जुड़े हुए अधिकारियों का दायित्व है कि मौलिक रूप से तकनीकी पुस्तकें हिंदी में लिखें। उन्होंने ‘बरेका दर्पण’ पत्रिका का लोकार्पण किया एवं पत्रिका में छपे लेखों की सराहना की। बैठक में विवेक शील, मुक्तेश मित्तल, विनोद कुमार शुक्ला, अंकुर चंद्रा मौजूद रहे।
बीएचयू के संगीत समारोह में आएंगे घरानों के 150 से कलाकार
बीएचयू में 24-29 मार्च तक हो रहे कौस्तुभ जयंती समारोह में बनारस घराने के संगीतज्ञों का जमघट लगेगा। विदेशों में रहने वाले बनारस घराने के 150 से ज्यादा कलाकारों से छात्रों को रूबरू कराया जाएगा। पंडित ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में दोपहर के 12 बजे से शाम तक सुर संध्या बहेगी।
पद्मश्री से सम्मानित पंडित ऋत्विक सान्याल, संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र, तबला वादक पं. विनोद लेले, पंडित किशन महाराज के पुत्र पं. पूरण महाराज, निबेदिता, पं. देवाशीष डे, प्रो. राजेश शाह, प्रो. संगीता पंडित और पंडित जवाहरलाल समेत कई कलाकार अलग-अलग पांच दिनों में प्रस्तुतियां देंगे।
भारतीय पशुपालक संघ के अध्यक्ष बने चमन
भारतीय पशुपालक संघ के केंद्रीय कार्यालय तरया में राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने उत्तर प्रदेश संगठन का विस्तार करते हुए प्रदेश कमेटी की घोषणा की। बिजनौर के चमन सिंह प्रदेश अध्यक्ष और वाराणसी के दिनेश यादव, मेरठ के पवन काजला और पीलीभीत के राजेश कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं, प्रदेश समिति में वाराणसी के ओम प्रकाश यादव को प्रदेश महासचिव, प्रदेश कोषाध्यक्ष बाबूलाल यादव, प्रदेश सचिव संदीप कुमार, मनोज यादव, रमेश अज्ञात, सुभाष यादव आदि को शामिल किया गया।
चेयरमैन एपीआई बने प्रदीप कुमार, निर्वाचित हुए आलोक कुमार
शनिवार को एसोसिएशन फिजीशियन ऑफ इंडिया का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी डॉ. एके सिंह ने निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलवाई। उन्होंने बताया कि चेयरमैन एपीआई 2025-26 डॉ. प्रदीप कुमार राय बने और चेयरमैन डॉ. आलोक कुमार सिंह निर्वाचित हुए। वहीं मानद सचिव डॉ. अखिलेश कुमार सिंह बने और सचिव प्रोफेसर दीपक गौतम चुने गए।
वाइस चेयरमैन डॉ. वीबी सिंह, डॉ. डीके सिन्हा और डॉ. अंबिका प्रसाद यादव को चुना गया। वित्त सचिव डॉ संजय राय और संयुक्त सचिव डॉ आएन चौरसिया और प्रोफेसर एलपी मीना बनाए गए। परमानेंट इनवाइट डॉ. एके सिंह और प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया। इस दौरान डॉ. एसबी सिंह ,डॉ मनोज कुमार यादव, डॉ अलंकार तिवारी, डॉ अरूप दास गुप्ता, डॉ हर्षित जैन समेत अन्य मौजूद रहे।
फाइन आर्ट्स के शिक्षक की बी.एड अनिवार्यता का विद्यापीठ में जमकर विरोध
फाइन आर्ट्स शिक्षक बनने के लिए बी.एड. की अनिवार्यता के विरोध में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने प्रदर्शन किया। 70 से ज्यादा छात्रों और रिसर्चरों ने शनिवार को ललित कला विभाग के प्रांगण में धरना दिया और नारेबाजी की। छात्रों ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय और नवोदय विद्यालय संगठन के द्वारा कला अध्यापक की नियुक्ति के लिए बी.एड. अनिवार्य किया गया है।
इससे छात्रों का अब छह साल बीत जाएगा, ऐसे में इन स्कूलों में उनकी शिक्षक बनने की उम्र ही समाप्त हो जाएगी। छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल ने कहा कि चार वर्षीय बीएफए के साथ बीएड की अनिवार्यता गलत और गैर अकादमिक समझ वाला फैसला है। उन्होंने मांग रखी कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय इस फैसले को वापस ले।
कबीर रोड व्यापार मंडल ने मनाया होली मिलन समारोह
कबीर रोड व्यापार मंडल ने शनिवार को होली मिलन और दायित्व बोध समारोह मनाया। सरोजा पैलेस में आयोजित समारोह में नवनियुक्त अध्यक्ष कीर्ति प्रकाश पांडेय तथा महामंत्री अनुभव जायसवाल सहित पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामना दी गई। व्यापारी नेताओं ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्व का बोध कराया। इस दौरान राकेश जैन, प्रेम मिश्रा, शरद श्रीवास्तव, सोहन लाल चौरसिया मौजूद रहे।
विश्वनाथ गली व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन
विश्वनाथ गली व्यवसायिक समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के एसडीएम शंभू शरण को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाली गलियों में लंबी कतार होने के कारण उनको व्यापारिक समस्या आ रही है। इसके साथ ही क्षेत्रीय नागरिकों और आम यात्रियों को होने वाली परेशानी से अवगत कराया।
शिक्षक, अभिभावक और बच्चे बनाते हैं विद्यालय को निपुण
प्राथमिक विद्यालय चोलापुर प्रथम में शारदा संगोष्ठी और वार्षिकोत्सव हुआ। इसमें शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम रहा। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष ज्योति प्रकाश रहे। प्रधानाचार्या गायत्री देवी ने विद्यालय की पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने बताया कि विद्यालय के लगातार निपुण विद्यालय के रूप में स्थापित होना शिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों के प्रयासों का परिणाम है। इसमें बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। दहेज एक कुप्रथा और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे सामाजिक मुद्दों पर लघु नाटक हुए।
मुख्य अतिथि ज्योति प्रकाश ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और अभिभावकों के प्रयास का महत्व बताया। अध्यक्षता विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष शरीफन ने की। सहायक अध्यापक गुलाब चंद्र भारती ने कार्यक्रम का संचालन और प्रधानाचार्या गायत्री देवी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
आलू की निकली बरात... गाने में झूमे बच्चे
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में शनिवार को वार्षिकोत्सव मनाया गया। इसमें बच्चों ने आलू की निकली बरात... गाने पर जमकर धमाल मचाया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज में दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। बच्चों ने कृष्ण लीला के महारास की प्रस्तुति की। शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने विश्व जल दिवस पर इको क्लब के माध्यम से लघु नाटक का मंचन किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि वार्षिकोत्सव होने से बच्चे तनाव मुक्त रहते हैं। इससे वे पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इस अवसर पर वल्लभाचार्य पांडेय, सुरेश राम, विवेकानंद यादव, सरोज शर्मा, संतोष राम मौजूद रहे। उधर, प्राथमिक विद्यालय अजांव में भी वार्षिकोत्सव मनाया गया। डायट प्रवक्ता गोविंद चौबे, प्रवीण उपाध्याय, मुक्ति नारायण मौर्य, प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार मौजूद रहे।
कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे जगद्गुरु रामभद्राचार्य
बीएचयू में सोमवार को अखिल भारतीय व्याकरण प्रबोध कार्यशाला में हिस्सा लेने के लिए तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामभद्राचार्य आएंगे। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के व्याकरण विभाग में दोपहर 1 बजे से सभागार में जगद्गुरु कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। साथ ही जन संधि विषय पर चर्चा करेंगे।
यह कार्यक्रम 27 अप्रैल तक चलेगा। रामभद्राचार्य को व्याकरण विभाग के अध्यक्ष प्रो. रमाकांत पांडेय और सभी विभागीय सदस्य अभिनंदन पत्र देंगे। इस कार्यक्रम में उज्जैन विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति रमेशचंद्र पंडा, सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय गुजरात के प्रो. गोपबंधु मिश्र आदि मौजूद रहेंगे।
बच्चों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां, किया नुक्कड़ नाटक
चिरईगांव विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नरपतपुर में शनिवार को वार्षिकोत्सव मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। शुरुआत विद्यालय के बच्चों के नृत्य, गीत और कविताओं से हुई।
बच्चों के नृत्य और भावों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नुक्कड़ नाटक से शिक्षा के प्रति जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश दिया। आंचल, पायल, नेहा, संजना, दीपा समेत अन्य छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ओमप्रकाश, अजीत यादव, सुनील और अमरा मौजूद रहे।
छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रमों की दी प्रस्तुति
कंपोजिट विद्यालय सुंदरपुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी स्कंद गुप्ता और विशिष्ट अतिथि राजकुमार (पार्षदपति), विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामप्रसाद मौर्य ने किया। प्रधानाध्यापक डाॅ. सुमन पांडेय ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विद्यालय शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में लगातार प्रगति कर रहा है। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।
श्रीमद्भागवत कथा के लिए निकली कलश यात्रा
बरेका के नई बस्ती जलालीपट्टी में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा आरंभ हुई। कथा से पूर्व सूर्य सरोवर तालाब से कलश यात्रा निकाली गई। कथा का आयोजन रामानंद मिश्र द्वारा किया जा रहा है। वृंदावन से पधारे कथावाचक हितेंद्र कृष्ण महाराज श्रोताओं को भागवत का पारायण कराएंगे। 28 मार्च तक दोपहर तीन से छह बजे तक कथा होगी। 29 मार्च को भंडारा होगा।
मंडुवाहीड ओवर ब्रिज बढ़ाने की मांग
राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव (रालोद) ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मंडुवाहीड पर ओवर ब्रिज को बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पुल को ककरमत्ता ब्रिज से मामले और बनारस स्टेशन के पास सर्विस रोड बनाने की मांग की है। कहा कि अगर नहीं हुआ तो भीड़ और बढ़ जाए इसके लिए स्टेशन आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वीडीए अफसरों ने होली मिलन समारोह में दीं एक दूसरे को शुभकामनाएं
वाराणसी विकास प्राधिकरण कर्मचारी संघ की ओर से शनिवार को विकास प्राधिकरण परिसर में अफसरों और कर्मियों के सहयोग से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सभी ने एक दूसरे शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्य अतिथि, उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, सचिव वेद प्रकाश मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष/ सदस्य विकास प्राधिकरण बोर्ड प्रदीप अग्रहरी, अंबरीश सिंह भोला, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा और वीडीए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष परमानंद यादव मौजूद रहे।
वीडीए में मनाया गया होली मिलन समारोह
वाराणसी विकास प्राधिकरण कर्मचारी संघ की ओर से शनिवार को विकास प्राधिकरण परिसर में कर्मचारी एवं अधिकारियों के सहयोग से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, सचिव वेद प्रकाश मिश्रा, वीडीए सदस्य प्रदीप अग्रहरी, अंबरीश सिंह भोला ने सभी को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। अधिकारी और कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह मनाया।
गौरव और सुभाष की चैती से झंकृत हुई वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया के साप्ताहिक आयोजन में शनिवार को वरुणा संध्या सजाई गई। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित संध्या में सुभाष सिंह ने राग भैरवी में आज खेलो श्याम संग होरी रे....से शुरुआत की। सुमिरन कर ले हरि नाम..., राम सिया राम... जैसे भजन गाए।
दूसरी प्रस्तुति में गौरव मिश्र के रंग डारूंगी नंद के लालन पे... सुनाया। 39 जीटीसी के ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता एवं ज्योति दत्ता ने कलाकारों को प्रमाणपत्र और अंगवस्त्रम दिया। अतिथियों का स्वागत अजय गुप्ता ने किया। मंच संचालन तनुज कुमार वर्मा और धन्यवाद ज्ञापन सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया। इस दौरान काशी राम कुशवाहा, दुर्गा प्रसन्ना, जैनेंद्र राय, विक्रम मल्होत्रा, यज्ञदत्त पटेल मौजूद रहे।
ग्रामीण महिलाओ ने होली मिलन समारोह का किया आयोजन
रोहनिया के घाटमपुर व रमसीपुर में शनिवार को विश्व ज्योति जनसंचार समिति के तत्वावधान में ग्रामीण महिलाओं के सहयोग से होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को प्रोत्साहित किया गया।
प्रेरणा कला मंच के कलाकारों द्वारा होली गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई। ग्रामीण महिलाओं ने भी होली गीतों से समा बाधा और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी। इस दौरान उप निरीक्षक शिल्पा सिंह, मानसी चौरसिया, शर्मिला, प्रमोद, गौरीशंकर, अजीत मौजूद रहे।
पीएनयू क्लब का चुनाव : पहले दिन एक प्रत्याशी ने खरीदा नामांकन पत्र
प्रभु नारायण यूनियन क्लब (पीएनयू क्लब) के प्रबंध समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन के पहले दिन कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए आलोक जायसवाल ने नामांकन पत्र खरीदा। रविवार को नामांकन का आखिरी दिन है।
पीएनयू क्लब की प्रबंध समिति का चुनाव 30 मार्च को होगा। क्लब के 835 सदस्य प्रबंध समिति के नौ पदाधिकारियों का चयन करेंगे। प्रबंध समिति के अध्यक्ष, सचिव के अलावा सात कार्यकारिणी सदस्य चुने जाएंगे। 24 मार्च को नाम वापसी के बाद देर रात वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होगी।
होली मिलन समारोह में चंदन का टीका लगाकर हुआ स्वागत
टेंट व्यावसायिक एसोसिएशन का पारिवारिक होली मिलन समारोह रंगोत्सव शनिवार को मनाया गया। रामनाथ चौधरी लॉन में अतिथियों का स्वागत चंदन का टीका लगाकर किया गया। इस दौरान फूलों की होली और कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी हुई।
मोना म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति पर लोग झूम उठे। साथ ही श्री मां महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका कला केंद्र की प्रस्तुति दी। इस दौरान सहयोगियों को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम लकी ड्राॅ निकाला गया और लोगों ने लजीज व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी होली मिलन समारोह प्रेम और भाईचारे के संदेश के साथ बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। अतिथियों का स्वागत कोषाध्यक्ष अनिल कुमार मौर्य, संचालन महामंत्री मनोज कुमार अच्छु और धन्यवाद ज्ञापन राजेश श्रीवास्तव ने किया। संयोजन भीम सिंह एवं राजेंद्र प्रसाद राजू ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप प्रदेश महामंत्री अभिलेष वर्मा, महेंद्र जायसवाल, डॉक्टर मधुर जायसवाल, अशोक जायसवाल, डॉक्टर रतन लाल गुप्ता समेत करीब 1200 लोग मौजूद रहे।
कैलीग्राफी कार्यशाला में 60 छात्रों को मिला सर्टिफिकेट
बीएचयू में पांच दिन की कैलीग्राफी कार्यशाला शनिवार को खत्म हुई। 60 से ज्यादा छात्र और छात्राओं को सर्टिफिकेट दिया गया। बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर में एग्जीबिशन लगाया गया। कला-पेंटिंग के विद्यार्थियों को कैलीग्राफी यानी कि सुंदर लिखावट पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस लिखावट पद्धति के हिंदी-देवनागरी और अंग्रेजी भाषा के शब्दों के स्ट्रोक का अभ्यास भी कराया गया। मुख्य अतिथि प्रो. हीरालाल प्रजापति, मेंटर अभिषेक वर्धन सिंह, नीलाक्षी ठाकुर और प्रो. मनीष अरोरा मौजूद रहे।
अर्चना के सुरों से सजा राग यमन में छोटा ख्याल
पं. नारायण चक्रवर्ती संगीत समारोह का समापन शनिवार को हुआ। रामछाटपार शिल्प न्यास की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन गायन और वादन की प्रस्तुतियां श्रोताओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। शनिवार को हुई पहली प्रस्तुति में डॉ. अर्चना म्हस्कर ने राग यमन में छोटा ख्याल प्रस्तुत किया। इसके बाद तीन ताल बड़ा ख्याल पेश किया और समापन उन्होंने होली गीत गाया।
तबले पर श्रीकांत मिश्रा और हारमोनियम पर मोहित साहनी ने संगत की। दूसरी प्रस्तुति बीएचयू मंच कला संकाय के प्रो. प्रवीण उद्धव और श्रुतिशील उद्धव का तबला वादन रही। पिता पुत्र की जोड़ी ने बनारसी तबले की तासीर महसूस कराई।
उन्होंने तीन ताल में बनारस घराने की उठान, पेशकार, कायदा, परन पेश किया। उस्ताद जाकिर हुसैन को समर्पित तबला वादन के दौरान उन्होंने उनकी बंदिश भी सुनाई। साथ ही पंडित किशन महाराज की बंदिश भी पेश की। हारमोनियम पर प्रेमचंद्र और गायन पर हरिप्रिया पांडेय ने संगत की।
युवा पीढ़ी में विरासत के प्रति दायित्वबोध की कमी
पुरातत्त्वविद डॉ. सी. मार्कबंधु ने बीएचयू के नगर छात्र निकाय में हुए उन्मेष कार्यक्रम में कहा कि युवा पीढ़ी में विरासत के प्रति दायित्वबोध की कमी आई है। विरासत के रहस्य और उनमें छिपे दार्शनिक तत्त्वों को बाहर लाने को कहा। साथ ही बताया कि विरासत के सरंक्षण के लिए डिजिटल युग वरदान है।
इससे हम उत्तरदायी और धारणीय पर्यटन की संकल्पना को साकार कर विकसित भारत का स्वप्न देख सकते हैं। बीएचयू के इतिहासकार प्रो. सीताराम दुबे ने छात्रों को भारतीय संस्कृति की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया।
सांस्कृतिक मंत्री पद पर आलोक, ऑडिटर पर जैनुल निर्विरोध
उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ शाखा वाराणसी का शनिवार को द्विवार्षिक निर्वाचन संपन्न हुआ। इसमें कुल 91 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें सांस्कृतिक मंत्री पद पर आलोक चंद्र राय और ऑडिटर पद पर जैनुल हैदर, निर्विरोध निर्वाचित हुए।
मतदान के माध्यम से निर्वाचित विजयी पदाधिकारियों में अध्यक्ष पद पर धीरज श्रीवास्तव 49 मत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर हेराल्ड विल्सन 53 मत, मंत्री शिवबली 50 मत, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह 48 मत, संगठन मंत्री संतोष कुमार सोनकर 49, संयुक्त मंत्री नदीम एजाज नकवी 59 मत और कोषाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार 75 मतों के साथ विजयी हुए।
जूडो में ओमप्रकाश, कमलेश ने स्वर्ण, अभिषेक ने रजत जीता
लखनऊ में खेल विभाग की प्रदेशस्तरीय समन्वय जूडो प्रतियोगिता में जिले के पांच खिलाड़ियों ने पदक जीते। पहले दिन 55 किलो भार वर्ग में कमलेश ने अयोध्या के खिलाड़ी सद्दाम अहमद को और 90 किलो भर वर्ग में ओमप्रकाश ने सहारनपुर के विक्की को हराकर स्वर्ण पदक जीता।
73 किलो भार वर्ग में अभिषेक और 100 किलो से अधिक भार वर्ग में हर्षित ने रजत पदक जीता। 100 किलो भार में सूरज मौर्य को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। टीम कोच लाल कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन कुल पांच खिलाड़ियों ने पदक जीते। तीन का मुकाबला रविवार को होगा।
आज निकलेगी बनारसी जाेड़ी वॉकाथॉन
माहेश्वरी क्लब, माहेश्वरी कला संस्कृति और द बनारस क्लब लिमिटेड की ओर से बनारसी जोड़ी वॉकाथाॅन का आयोजन रविवार को सुबह सात बजे किया जाएगा। यह महिला सशक्तीकरण को समर्पित है। माहेश्वरी क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र चांडक ने बताया कि यह यात्रा बनारस क्लब से वरूणा स्थित स्कूल पहुंचेगी और वहां से वापस बनारस क्लब पहुंचकर संपन्न होगी।
वाराणसी के ओमप्रकाश को स्वर्ण, अभिषेक को रजत
मेरठ के खिलाड़ियों ने राज्य समन्वय सीनियर महिला जूडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन तीन स्वर्ण और दो रजत जीते। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय हाल में आयोजित प्रतियोगिता के तहत नौ भार वर्गों के मुकाबले खेले गए। पुरुष 73 किग्रा में वाराणसी के अभिषेक को रजत, 90 किग्रा में वाराणसी के ओमप्रकाश को स्वर्ण पदक मिला।
अग्रहरि बाग में गूंजी मानस की चौपाई
प्राचीन हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के अवसर पर शनिवार को कज्जाकपुरा स्थित अग्रहरि बाग में संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। अग्रहरि समाज महानगर की ओर से श्रीरामचरित मानस के पंचम सोपान श्री सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया।
संस्था के संरक्षक विनोद अग्रहरि ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया। शनिवार को मंदिर प्रांगण में स्थित प्राचीन हनुमान जी का तुलसी की माला से विधिवत शृंगार किया गया था। धूप, दीप पुष्पहार, राग-भोग अर्पित किया गया। बड़ी संख्या में संस्था के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान भरत अग्रहरि, लालचंद्र अग्रहरि, अनूप कृष्ण अग्रहरि, दिनेश अग्रहरि मौजूद रहे।
विश्व जल दिवस पर हुई संगोष्ठी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ गंगापुर परिसर के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिक्षा केंद्र में विश्व जल दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जल संरक्षण के महत्व पर चर्चा की गई और जल संकट के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि परिसर प्रभारी डॉ. मनीष सिंह ने जल संसाधनों पर बढ़ते दबाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण, औद्योगिक विस्तार और जलवायु परिवर्तन से जल संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने जल का समझदारी से उपयोग करने और उसकी बर्बादी रोकने का आग्रह किया।
डॉ. सुनीता ने ग्लोबल वाॅर्मिंग के गंभीर परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने जल संरक्षण को दिनचर्या में अपनाने को कहा। संचालन डॉ. सुनील कुमार यादव और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अविनाश सिंह ने किया। कार्यक्रम में प्रियंका, मोनिका, स्मिता, अंशिका, सुप्रिया समेत कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
ईश्वर के दर्शन से दूर होते हैं दैहिक, दैविक और भौतिक ताप
वृंदावन से पधारे कथाव्यास अभिराम दास महाराज ने कहा कि राधाकृष्ण दर्शन जीवन में परमानंद का स्रोत है। पालनकर्ता नारायण के राम और कृष्ण स्वरूप में कोई भेद नहीं है। राम के नयन में गांभीर्य है, तो कृष्ण के नयन में चपलता, लेकिन अपने हर रूप में ईश्वर सच्चिदानंद स्वरूप हैं, जिनके दर्शन एवं भक्ति से सभी दैहिक, दैविक और भौतिक तापों का उन्मूलन होता है।
वह शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के महामंडल नगर स्थित आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिन प्रवचन कर रहे थे। अभिराम दास महाराज ने कहा कि सूर्य का प्रकाश वाह्य अंधकार को दूर कर सकता है, लेकिन मन और चित्त का अंधेरा तो भगवत भक्ति से ही दूर होता है।
समर्पित प्रेम से भगवद्भक्ति व्यक्ति के अंदर के अंधकार को दूर कर सही अर्थों में जीवन को प्रकाशमान बनाती है। उसकी राह हरि एवं गुरु कृपा से प्राप्त होती है। कथा व्यास ने कहा कि मनुष्य जीवन में बड़े जतन से अनेक यात्राओं की तैयारी करता है, लेकिन सभी के जीवन में अनिवार्य अंतिम यात्रा की तैयारी के प्रति अचेतन रहता है। हरिनाम के अमृत रस के पान के बिना जीने का कोई अर्थ नहीं होता।
उन्होंने कहा कि भागवत कथा और वह भी शिव की काशी में कहना एवं सुनना परम सौभाग्य होता है। बड़े पुण्य से मिलने वाला यह अवसर भक्ति के साथ ही ज्ञान एवं वैराग्य की पात्रता देता है और सही अर्थों में मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है। यह कथा निष्काम भक्ति प्रज्ज्वलित कर आंतरिक एवं वाह्य जीवन में प्रेम रस को व्यापक विस्तार देती है। कथा के पूर्व 108 कलश के साथ भव्य शोभायात्रा निकली। कथा का संकल्प रीना राय ने लिया।
रेलवे ट्रैक किनारे लोगों को किया संरक्षा के प्रति जागरूक
माधोसिंह-झूंसी रेलवे ट्रैक किनारे स्कूल, झुग्गी बस्तियों और आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक मंचन के दौरान ट्रैक से दूर रहने को आगाह किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बलेंद्र पाल के नेतृत्व में शनिवार को लाइन के किनारे पड़ने वाले प्राथमिक विद्यालय, गोयांव, यूपीएस कोइलरा औराई, उत्तर माध्यमिक विद्यालय महरिया व प्राथमिक विद्यालय हंडिया में संरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। संरक्षा विभाग के संरक्षा सलाहकार सेफ्टी काउंसलरों में विजय यादव, उपेन्द्र कुमार, विनय कुमार श्रीवास्तव आदि रहे। इस बीच बच्चों में संरक्षा डायरी व संरक्षा बैग, झोला का वितरण भी किया गया।
एलएचबी रेक से चलेगी पाटलिपुत्र एक्सप्रेस
यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कन्वेंशनल रेक की जगह एलएचबी रेक लगाया जा रहा है। इससे यात्रियों का सफर सुगम होगा। 15080/15079 गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में शनिवार से सोमवार तक, 15107/15108 बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस में सोमवार को कन्वेंशनल रेक के स्थान पर एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। गोरखपुर-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में कुल 19 एलएचबी कोच और बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस में कुल 16 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने यह जानकारी दी।
बदले मार्ग से रवाना हुई दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल
वाराणसी मंडल के नूनखार-देवरिया खंड पर ब्लाॅक के चलते ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। दरभंगा से 22 मार्च को चलने वाली 02569 दरभंगा-नई दिल्ली विशेष ट्रेन बदले मार्ग सीवान-थावे-कप्तानगंज-गोरखपुर कैंट के रास्ते और बरौनी से चलने वाली 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन बदले मार्ग सीवान-थावे-कप्तानगंज-गोरखपुर कैंट के रास्ते गई। उधर, 15027 सम्बलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस को मार्ग में 80 मिनट नियंत्रित कर चलाया गया। ब्यूरो
महिलाओं ने लिया सनातन की रक्षा का संकल्प
काशी साहू महिला समाज ने कोदई चौकी स्थित मां अंबे गेस्ट हाउस में होली मिलन समारोह मनाया। इसमें पारंपरिक और आकर्षक परिधान में सजी समाज की महिलाओं ने होली के गीतों पर जमकर नृत्य किया। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी।
अध्यक्षता करते हुए भावना गुप्ता ने कहा कि होली का पर्व खुशियों का त्योहार है। इस दौरान सभी महिलाओं को संस्कृति और सनातन धर्म की रक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही मां गंगा को स्वच्छ बनाने की अपील की। मुख्य अतिथि शृंगार गौरी की महिला याचिकाकर्ता सीता साहू, विशिष्ट अतिथि माधुरी गुप्ता समेत रश्मि साहू, उषा गुप्ता, मंदाकिनी गुप्ता, मोनिका गुप्ता शामिल रहीं।
संगोष्ठी में गांवों के विकास पर चर्चा
बड़ागांव ब्लॉक के बीआरसी केंद्र पर शनिवार को आयोजित संगोष्ठी में गांवों के विकास पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों के सशक्तीकरण, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी नीतियों की जानकारी देना है। उन्होंने प्रधानों से गांवों के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
अली अली हाय अली की गूंजी सदाएं, फिजा हुई गमगीन
21वीं रमजान पर शेरे खुदा, मुश्किल कुशा, दामादे पयंबर का गम शिद्दत के साथ मनाया गया। शहर में घर-घर हुई मजलिस। मुकीमगंज, दोषीपुरा और शिवालय में इमाम का ताबूत उठाया गया। दोषीपुरा से अंजुमन जाफरिया और अजादार ए हुसैनी और मुकीमगंज से अंजुमन नसीरुल मोमिनीन ने इमाम का ताबूत उठाया।
शिवाला की मस्जिद डिप्टी जाफर बख्त से देर रात ताबूत उठाया गया। गुलजारिया अब्बासिया कासिमिया अब्बासिया ने शिरकत की। दोषीपुरा और मुकीमगंज का जुलूस अपने कदीमी रास्तों से होता हुआ इफ्तार के समय सदर इमामबाड़े पहुंचा। रोजेदारों ने नम आंखों से ताबूत की जियारत की।
कदीमी इफ्तार का भी आयोजन हुआ। अंजुमन आबिदिया ने भी चौहट्टा लाल खां से शिरकत की। इस अवसर पर तकरीर करने वाले उलेमा ने अकील हुसैनी, अमीन हुसैनी, वसीम रिजवी, तौसीफ अली, गुलजार मौलाई, इकबाल हैदर, जायर हुसैन शामिल रहे।
कालीमहल मस्जिद में तकरीर करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि मौला अली की शहादत 1406 साल पहले इराक के कूफा शहर में हुई थी। शहर की 28 अंजुमनों ने अपने-अपने क्षेत्र में नौहा मातम, जुलूस और ताबूत के जरिए अपने इमाम को खिराजे अकीदत पेश किया।
विद्यापीठ में शोध समिति की बैठक स्थगित
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 24 मार्च को होने वाली गृह विज्ञान की शोध समिति की बैठक स्थगित कर दी गई है। अब यह 16 दिन बाद 7 अप्रैल को होगी। कैंपस के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में सुबह 11 बजे से बैठक होगी। इसमें विज्ञान से जुड़े प्रोफेसरों को हिस्सेदारी करनी होगी।