फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

New Year 2023: काशी विश्वनाथ मंदिर में आज और कल सिर्फ झांकी दर्शन, मां विंध्यवासिनी देवी के चरण स्पर्श पर रोक

Sat, 31 Dec 2022 04:59 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

नव वर्ष के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम और विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए दर्शन-पूजन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 
विज्ञापन
काशी विश्वनाथ धाम में लगी लंबी कतार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नव वर्ष के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम और विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए दर्शन-पूजन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। काशी विश्वनाथ मंदिर में शनिवार से ही झांकी दर्शन की व्यवस्था लागू हो गई। एक जनवरी तक श्रद्धालुओं को झांकी दर्शन मिलेगा।

विज्ञापन


वहीं विंध्यवासिनी देवी का चरण स्पर्श सोमवार तक प्रतिबंधित रहेगा। वाराणसी के श्रीरामजानकी मंदिर में श्रद्धालुओं को बाहर से ही दर्शन की व्यवस्था होगी। नए साल के उपलक्ष्य में हर साल 31 दिसंबर को और नए साल के पहले दिन काशी विश्वनाथ मंदिर, संकटमोचन मंदिर समेत अन्य मंदिरों में दर्शन, पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगती है।  

धाम में दर्शन पूजन के लिये आने वाले श्रद्धालुओं के सम्भावित भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने भ्रमण कर श्रद्धालुओं को सुचारू ढंग से दर्शन पूजन कराने एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए पुख्ता योजना बनाई जा रही है।

विज्ञापन

चार लाख से ज्यादा लोग आ सकते हैं विंध्याचल

विंध्याचल में मां के भक्तों की भीड़ (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज मिश्र ने शनिवार को बताया कि नव वर्ष के मौके पर करीब चार लाख लोग मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आएंगे। यह संख्या बढ़ भी सकती है। भगदड़ जैसी घटनाओं और अन्य अव्यवस्थाओं से बचने के लिए 31 दिसंबर से दो जनवरी तक मां का चरण स्पर्श पर प्रतिबंध लगा है। 

गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था पर जोर

नव वर्ष के जश्न की रात 31 दिसंबर को लेकर शहर में पुलिस की मुस्तैदी अधिक होगी। बाइक सवारों की निगरानी के साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट में पुलिस की कड़ी निगरानी होगी। नव वर्ष की सुबह शहर के गंगा घाटों, रामनगर किला, सारनाथ, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम समेत अन्य स्थानों पर होने वाली भीड़ को थामने के लिए अतिरिक्त फोर्स लगाई जाएगी।

यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर रूट डायवर्जन और वाहनों पर रोक होगी। मैदागिन-गोदौलिया के बीच देर रात से ही नो व्हीकल जोन होगा। मैदागिन, जंगमबाड़ी और रामापुरा चौराहे से किसी भी तरह के वाहन के विश्वनाथ मंदिर की तरफ नहीं जा सकेंगे। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि नव वर्ष पर चार जोन और 11 सेक्टर और 26 सब सेक्टर में बांटकर एसीपी, निरीक्षक और उप निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। मैदागिन और जंगमबाड़ी और रामापुरा चौराहे के पास बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जाएगा।
विज्ञापन

गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर भी किसी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। विश्वनाथ धाम से गेट नंबर चार से गोदौलिया तक, गोदौलिया से दशाश्वमेध और गोदौलिया से गिरजाघर रोड तक और गोदौलिया से मैदागिन तक कतार के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है। अस्सी तिराहे से किसी भी वाहन को गंगा घाट की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। उधर, रविदास पार्क के आगे से किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। 

रामनगर किला पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रामनगर पुलिस को निर्देशित किया गया है। नमो घाट, राजघाट, पचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट और अस्सी, रविदास घाट पर विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। जल पुलिस और एनडीआरएफ, पीएसी बाढ़ राहत दल को भी अलर्ट किया गया है। नाविकों को दिशा निर्देशित किया गया है कि क्षमता से अधिक नाव पर किसी को न बैठाएं। दशाश्वमेध घाट पर वाटर एंबुलेंस भी तैनात रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें