बीएचयू में बनाया जा रहा मालवीय हेरिटेज कॉम्प्लेक्स।
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के सपनों को जल्द ही परवाज मिलेगी। महामना के मूल्यों-आदर्शों पर अध्ययन और शोध के लिए बन रहा मालवीय हेरिटेज कॉम्प्लेक्स जल्द ही मूर्त रूप ले लेगा। इसके निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र भवन के ठीक पीछे इस हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का निर्माण हो रहा है। इसका शिलान्यास राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपने पिछले दौरे में किया था।
महामना के 150वें जन्म शताब्दी के अवसर पर 25 दिसंबर 2012 को राष्ट्रपति ने महामना वेबसाइट का उद्घाटन और मालवीय सेंटर फॉर ह्यूमन वैल्यूम एंड एथिक्स और मालवीय सेंटर फॉर इंटर कल्चरल स्टडीज सेंटर का शिलान्यास किया था। मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र को अपग्रेड करने के साथ ही इन दोनों केंद्रों को मिलाकर अब मालवीय हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। यहां मालवीय जी से जुड़े सभी दस्तावेजों को रखा जाएगा। इस केंद्र में प्रेक्षागृह व्याख्यान कक्ष, आर्काइव के अलावा कौशल विकास के लिए शोध केंद्र, ओपन थिएटर और अंतर सांस्कृतिक अध्ययन के लिए लाइब्रेरी और कंप्यूटर रूम भी है।