वाराणसी। जिले में बुधवार को लल्लापुरा में एक नया मरीज मिलने के बाद अब यहां भी हॉट स्पॉट बना दिया गया है। यह जिले का 26वां हॉट स्पॉट हो गया। इसके अलावा नक्खीघाट में पिछले 14 दिन से कोई मरीज न मिलने से वह ऑरेंज जोन में बदल गया है।
जिले में अब तक मिले कोरोना के मरीजों के हिसाब से कुल 25 हॉट स्पॉट बनाए गए थे। इसमें छह मई के पहले लोहता, गंगापुर और बजरडीहा ग्रीन जोन में आ चुके हैं। बुधवार को नियमानुसार नक्खीघाट भी रेड जोन से ऑरेंज जोन में आ गया। अगर अगले 14 दिन तक यहां कोई मरीज नहीं मिलता है तो इसे भी ग्रीन जोन में परिवर्तित कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि लल्लापुरा को जिले का 26वां हॉट स्पॉट बनाया गया है। इसके साथ ही मरीज के घर के पास बैरिकेडिंग करते हुए पुलिस की भी तैनाती कर दी गई है, जिससे कि कोई घर से बाहर आ जा ना सके। उधर सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि नक्खीघाट के ऑरेंज जोन में आने के बाद सात मई को पितरकुंडा भी रेड जोन से ऑरेंज जोन में आ जाएगा।