विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर नई दिल्ली पहुंचाई गई नेपाल की 16 और पश्चिम बंगाल की दो युवतियों को मुक्त कराकर जिले की क्राइम ब्रांच और शिवपुर पुलिस ने एनजीओ शक्ति द्वारा संचालित नई दिल्ली में नारी संरक्षण गृह में रखवाया है। इन 18 युवतियों को बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराने के आरोप में पुलिस ने गाजीपुर निवासी राजेंद्र यादव, नई दिल्ली निवासी पवन खुराना, काठमांडू निवासी सबीन शाह और पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की रहने वाली सुंदरी उर्फ दीपिका थापा को गिरफ्तार किया है।
चारों आरोपियों को मंगलवार को नई दिल्ली के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड बनवाया गया। चारों आरोपी बुधवार को बनारस पहुंच जाएंगे। आरोपियों के पास से नेपाल और भारत के दर्जनों पासपोर्ट बरामद हुए हैं।
नेपाल के गुलरिया थाने में दो युवतियों ने जुलाई महीने के तीसरे हफ्ते में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि जुलाई महीने के पहले हफ्ते में उन्हें विदेश में रोजगार दिलाने का झांसा देकर वाराणसी लाया गया। इसके बाद बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा। उनके साथ ही नेपाल की कई अन्य युवतियों और महिलाओं को भी बंधक बनाया गया है।
दोनों की सूचना पर नेपाल के पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की टीम वाराणसी आई और शिवपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जिला पुलिस के साथ छापामारी शुरू की। पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले शिवपुर क्षेत्र निवासी भाजपा नेता जय सिंह उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया।
इस बीच नेपाल के लोगों को रेल-हवाई टिकट मुहैया कराने वाले शहर के ट्रेवल एजेंटों से पूछताछ के अलावा बाबतपुर एयरपोर्ट और कैंट रेलवे स्टेशन के समीप स्थित होटलों में पुलिस की छापामारी और पूछताछ का सिलसिला जारी रहा। सामने आए तथ्यों के आधार पर रविवार को क्राइम ब्रांच और शिवपुर थाने की संयुक्त टीम नई दिल्ली रवाना की गई।
सोमवार को दिल्ली पुलिस की मदद से साकेत क्षेत्र स्थित एक फ्लैट से युवतियों को बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने बताया कि मुक्त कराई गई युवतियों को नारी संरक्षण ग़ृह में दाखिल कर चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाया जा रहा है। चारों आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड में लेकर पूछताछ की जाएगी और इस मानव तस्कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तस्दीक कर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।