भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना युवाओं के लिए गर्व की बात है। युवाओं को सेना में कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 100 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी दी गई। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में छावनी सेना भर्ती कार्यालय के स्टाफ ने कैडेटों को भर्ती प्रक्रिया और योग्यताओं के बारे में बताया। दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सेना भर्ती कार्यालय के सूबेदार मेजर ने अग्निवीर भर्ती की पात्रता, चयन प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। सेना में अधिकारी बनने के रास्तों के बारे में भी बताया। इस दौरान कैडेटों ने भर्ती से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को दूर किया। सूबेदार मेजर ने कहा कि भारतीय सेना में शामिल होना युवाओं के लिए गौरव की बात है। कैडेटों को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के स्टाफ, 100 यूपी बटालियन एनसीसी के पीआई स्टाफ, एएनओ और विभिन्न जनपदों से आए कैडेट मौजूद रहे।