वाराणसी ऑटोमोबाइल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने बताया कि छोटी कारों, सीएनजी और हाइब्रिड मॉडलों की मांग चरम पर है। स्विफ्ट, आई-टेन, वैगन-आर और ब्रेजा जैसे मॉडलों पर वेटिंग बढ़कर 55 से 60 दिनों तक चल रही है। रोजाना 500 गाड़ियों की बुकिंग हो रही हे।
सराफा में प्री-बुकिंग तेज : वाराणसी सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सराफ के मुताबिक, दूसरे दिन ज्वैलरी बाजार में पहले दिन से 25 प्रतिशत अधिक ग्राहकी रही। हल्के वजन के सोने के हार, मांगटीका, अंगूठी और चांदी की पाजेब की मांग सबसे अधिक रही। आगामी वैवाहिक सीजन को देखते हुए लोगों ने भारी गहनों की एडवांस बुकिंग भी कराई।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आईफोन का क्रेज
इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी 25 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। बड़ी स्क्रीन के स्मार्ट टीवी, डबल डोर फ्रिज, फ्रंट-लोड वाशिंग मशीन और एसी की जमकर बिक्री हुई। नए आईफोन मॉडल को खरीदने के लिए युवाओं की कतारें शो-रूम के बाहर लगी रहीं। उधर, जमीन-मकान की खरीद में भी तेजी बनी रही।
एक दिन में 319 रजिस्ट्री
रियल एस्टेट बाजार में नवरात्र के दूसरे दिन जबरदस्त तेजी देखने को मिली। पिंडरा, राजातालाब और सदर सहित सभी सात निबंधन कार्यालयों में कुल 319 विलेखों की रजिस्ट्री दर्ज की गई। इससे विभाग को 9,02,08,020 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।