विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर नरसिंह यज्ञ करते पुरोहित।
- फोटो : अमर उजाला
Vishwakarma Puja 2025: हरे कृष्ण मूवमेंट इस्कॉन वाराणसी की ओर से विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एलटी कॉलेज परिसर स्थित अक्षय पात्र रसोई में नरसिंह यज्ञ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, जनसेवा और सांस्कृतिक संरक्षण का अनुपम संगम बना।
अक्षय पात्र फाउंडेशन (वाराणसी) के अध्यक्ष युधिष्ठिर कृष्ण दास ने आरती एवं यज्ञ का संचालन किया। वविशेष अतिथि के रूप में पार्षद विनय शडेका (वार्ड 38, दिधोरी मोहल्ला), एलटी कॉलेज के शिक्षक अरुण श्रीवास्तव एवं डीआईओएस कार्यालय के लेखाकार गुरु प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे।
विश्वकर्मा पूजा, जिसे शिल्पकारों व अभियंताओं का पर्व माना जाता है, इस आयोजन में सेवा और भक्ति की नई परिभाषा लेकर आई। प्रतिदिन लगभग नब्बे हजार विद्यार्थियों को भोजन उपलब्ध कराने वाली अक्षय पात्र रसोई इस यज्ञ का उपयुक्त स्थल सिद्ध हुई, जिसने जनसेवा के साथ-साथ कार्य की पवित्रता को भी उजागर किया।
पूज्य विश्वकर्मा को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य नगरी द्वारका के निर्माण का श्रेय प्राप्त है।
उनकी विरासत यह संदेश देती है कि जब शिल्प और कौशल भक्ति के भाव से किए जाएं, तो वे शाश्वत सेवा का रूप ले लेते हैं। इस्कॉन वाराणसी की इस पहल ने आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को जोड़ते हुए यह साबित किया कि धर्मपरक परंपराएँ आज भी समाज में उतनी ही प्रासंगिक हैं। जैसे ही यज्ञ सम्पन्न हुआ, वातावरण भक्ति, कर्तव्य और प्रगति की एकात्म भावना से ओतप्रोत हो उठा।