अब जब साफ हो चुका है मेरे बेटे ने किसी भी प्रतिबंधित दवा का सेवन नहीं किया बल्कि उसके खाने में मिलावट की गई थी, तो इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। असली साजिशकर्ता को सामने लाया जाना चाहिए। पता तो चले आखिर कौन लोग हैं, जो नरसिंह को रियो जाने से रोकना चाहते हैं। यह कहना है डोपिंग के आरोप में फंसे पहलवान नरसिंह यादव के पिता पंचम यादव का। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से हमारी मांग है कि वे खुद हस्तक्षेप करें ताकि साजिश का शिकार हुए देश के एक उदीयमान खिलाड़ी को न्याय मिल सके।
पंचम यादव ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि मेरा बेटा नशेड़ी नहीं है। वह कई सालों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा ले रहा है। उसने जीवन में कभी भी डोप टेस्ट देने में हिचकिचाहट नहीं दिखाई। उधर, नरसिंह की मां भुलना देवी ने बताया कि आज ही पता चला कि नरसिंह के खाने में दवाई मिलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने भी इसकी पुष्टि की है। पता चला है कि जिस आरोपी की पहचान की गई है, वह एक सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का भाई है और छत्रसाल अखाड़े में अभ्यास करता है। असली गुनहगार को पकड़ा जाना चाहिए। उस लड़के ने किसके कहने पर नरसिंह के खाने में दवा मिलाई, इसका भी खुलासा होना चाहिए। पता चला है कि सोनीपत के साई सेंटर पर बीते पांच जून को उसके खाने में प्रतिबंधित दवा मिलाई गई।
डोपिंग मामले में फंसे नरसिंह यादव के समर्थन में चोलापुर क्षेत्र के ग्रामीण बुधवार को सड़क पर उतर आए। कई गांवों के लोगों ने नियार बाजार में धरना देने के बाद मशाल जुलूस निकाला आैर नरसिंह को न्याय दिलाने और रियो ओलंपिक में भेजने की मांग उठाई। इस मौके पर लोगों ने 30 जुलाई को पीएम के संसदीय कार्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
कांग्रेस नेता सतीश चौबे के नेतृत्व में नियार बाजार नरसिंह यादव के पिता पंचम यादव के साथ धरना प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेता सतीश ने कहा कि ने कहा केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय क्षेत्र के सांसद हैं। इस मामले में उनका कोई सहयोग न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दौरान तय किया गया कि रवींद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव कर संसद तक आवाज पहुंचाई जाएगी। मशाल जुलूस में दिलीप चौबे, नथुनी यादव, राजेंद्र यादव, राम बचन यादव, डॉ. रामलोचन सिंह, गुड्डू मौर्या और पप्पू सिंह आदि शामिल रहे।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय पहलवान नरसिंह यादव प्रकरण की सीबीआई जांच और उसे रियो ओलंपिक में भेजने की मांग को लेकर बुधवार को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के बैनर तले खिलाड़ियों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारा लगाया ‘मोदी जी सुनो हमारी गुहार, नरसिंह को रियो भेजो हर हाल’। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नाम संबोधित मांगों का पत्रक डीएम को सौंपा।
सपा नेता आनंद मोहन यादव, युवजन सभा के पूर्व अध्यक्ष हरीश नारायण सिंह व पार्षद अवनीश सिंह मुन्ना के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहलवान नरसिंह यादव को रियो ओलंपिक में जाने से रोकने के लिए जिस तरह से साजिश रची गई, उससे समूचे काशीवासी मर्माहत हैं। नरसिंह पूर्वांचल का लाल है और हमें रियो में उससे पदक की उम्मीद थी। पीएम मोदी से आग्रह है कि इस मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें।
प्रदर्शन में पूर्व कुश्ती कोच राजाराम यादव, नासिर जमाल, कुश्ती कोच गोरख यादव, राष्ट्रीय पहलवान रोहित यादव, मनीष तिवारी, दिनेश यादव, राहुल मिश्रा, हिमांशु सिंह, राजेंद्र यादव, गोलू जायसवाल, आशीष यादव, रिंकू पांडेय, गौरव पटेल, वीरेंद्र सिंह, मिथुन सिंह, सुरेश यादव, संदीप चौहान, संजय यादव, प्रमोद यादव, नरसिंह, सतीश आदि शामिल थे।