फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम के संसदीय क्षेत्र पहुंची होमगार्ड्स की ओर से निकाली गई नमामि गंगे जागृति यात्रा

Fri, 01 Sep 2017 11:54 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल बोले, गंगा सेवा के पीएम के संकल्प को हम पूरा करें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
निर्मल गंगा, अविरल गंगा के संकल्प को लेकर शुरू हुई नमामि गंगे जागृति यात्रा शुक्रवार को पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंची। सीएम योगी ने बीते 9 अगस्त को लखनऊ से नमामि गंगे जागृति यात्रा शुभारम्भ किया था। इस यात्रा का वाराणसी में पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।

नमामि गंगे जागृति यात्रा के तहत बीएचयू के सिंहद्वार से रैली निकाली गई। इसमें बैंड-बाजे के साथ सैकड़ों होमगार्ड्स के अलावा स्काउट-गाइड्स और स्कूल, कॉलेजों के छात्र चल रहे थे। लंका, डुमराव बाग होते हुए रैली अस्सी घाट पहुंची।
विज्ञापन



अस्सी घाट स्थित सुबह-ए-बनारस के मंच स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने शुक्रवार को पतित पावनी गंगा को अविरल-निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलाया।

उन्होंने कहा कि गंगा हर भारतवासी की मां है। जीवनदायिनी गंगा पापों का नाशकर मोक्ष प्रदान करती है। ऐसी पावन धारा को निर्मल बनाए रखने के लिए हर जतन किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी अस्सी घाट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा की सेवा का संकल्प लिया था।

उनके संकल्प को हर हाल में हम सब पूरा करें। पिछली सरकारों में गंगा की धारा कतिपय कारणों से बाधित हुई थी लेकिन अब समय आ गया है कि हम इस पावन धारा को प्रदूषण मुक्त बनाएं।

वह सुबह-ए-बनारस के मंच स्थल पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि होमगार्ड्स की ओर से निकाली गई नमामि गंगे जागृति यात्रा के तहत उमड़े हुजूम को संबोधित कर रहे थे। 

इससे पहले दोपहर बाद करीब एक बजे अस्सी घाट पहुंचे बंसल का सैनिक कल्याण, होमगार्ड राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अनिल राजभर, डीजी (होमगार्ड्स) डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला के अलावा भाजपा के नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान सड़क की दोनों पटरियों पर खड़ी महिला होमगार्ड्स और स्काउट-गाइड्स ने पुष्पवर्षा की।

घाट पर पहुंचने के बाद वह सीधे सुबह-ए-बनारस के यज्ञ मंडप में गए। वहां गंगा की अविरलता, निर्मलता के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुति दी। इसके बाद उन्होंने बजड़े पर सवार होकर आचमन किया।
विज्ञापन

जन-जन को इस अभियान से जोड़ने का है लक्ष्य

सुनील बंसल का होमगार्ड राज्य मंत्री और डीजी (होमगार्ड्स) ने किया स्वागत - फोटो : अमर उजाला
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पीएम, सीएम के सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं। गंगा अविरल-निर्मल बहती रहे, यह संदेश लेकर होमगार्ड्स ने लखनऊ से रैली निकाली थी।

पिछले 22 दिन से होमगार्ड्स दिन-रात गंगा निर्मलीकरण का संदेश लेकर शहर-शहर जा रहे हैं। हम जन-जन को इस अभियान से जोड़ने निकले हैं। नमामि गंगे जागृति यात्रा की शुरुआत इसीलिए की गई है कि लोग इस पावन धारा की रक्षा के प्रति जागरूक हों।

यह संदेश हरिद्वार से बलिया तक पहुंचाया जाएगा। डीजी (होमगार्ड्स) सूर्य कुमार शुक्ला ने बताया कि इस यात्रा के जरिए लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 

अस्सी घाट पर आयोजित समारोह में गंगा पर आधारित नृत्य नाटिका देख लोग भाव-विभोर हो उठे। सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के छात्रों ने प्रधानाचार्य डॉ. विश्वनाथ दुबे की मौजूदगी में बेजोड़ प्रस्तुति दी। छात्रों ने गंगा अवतरण पर कथक शैली में भावपूर्ण नृत्यनाटिका से गंगा निर्मलीकरण का संदेश दिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें