अमर उजाला समाचार अखबार में प्रकाशित खबर के दृष्टिगत मंगलवार को नमामि गंगे और नगर निगम की टीम ने ललिता घाट (गंगा द्वार) पर गंगा किनारे फैली गंदगी का निस्तारण किया। घाट किनारे जानवरों के शव पड़े होने की सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई टीम ने मृत पशुओं के शव को निस्तारित किया और लोगों से अपील की गई कि घर में पालतू पशुओं के मर जाने पर उन्हें गंगा किनारे विसर्जित न करें।
विज्ञापन
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने बताया कि बाढ़ का पानी उतरने की वजह से पशुओं के शव आदि भी मिट्टी में दबे हुए हैं। इसके अलावा घाट पर फैले कूड़े को निस्तारित किया गया।
कहा की गंगा तट पर स्वच्छता के संदर्भ में जनता को जागरूक होने की आवश्यकता है। हम अपने पालतू पशुओं के शव को गंगा में न बहाकर प्रकृति और पर्यावरण के सहयोगी बनें। स्वच्छता अभियान के दौरान प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, नगर निगम सुपरवाइजर कामेश्वर सेठ, दिनेश चौधरी, सुनील मोहन, सेवी, महेंद्र साहनी, रिंकू आदि उपस्थित रहे।