फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नागनथैया लीला: तुलसी घाट पर जीवंत हुई 500 साल पुरानी परंपरा, कालिया नाग के फन पर नाचे कन्हैया; जुटे एक लाख लोग

Fri, 13 Nov 2026 05:41 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

तुलसी घाट पर शुक्रवार को 500 वर्ष पुरानी विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का भव्य मंचन हुआ। गंगा के बीच कालिया नाग के फन पर भगवान श्रीकृष्ण की लीला देखने के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। काशी राज परिवार के प्रतिनिधि डॉ. अनंत नारायण सिंह ने भी परंपरा के अनुसार उपस्थिति दर्ज कराई।
विज्ञापन
तुलसी घाट पर नाग नथैया का मंचन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तुलसी घाट पर शुक्रवार को विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक नागनथैया लीला का भव्य आयोजन किया गया। करीब 500 वर्षों से चली आ रही इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण कदंब की डाल से मां गंगा की लहरों में कूदे और कालिया नाग के फन पर सवार होकर जल से बाहर प्रकट हुए, पूरा तुलसी घाट जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए घाट पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।

विज्ञापन

 

लीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ गेंद खेल रहे थे। इसी बीच खेलते-खेलते गेंद गंगा में चली गई। गेंद निकालने के लिए कान्हा कदंब के वृक्ष पर चढ़े और वहां से गंगा की गहराइयों में छलांग लगा दी। मान्यता के अनुसार यमुना में आतंक का पर्याय बने कालिया नाग का दमन करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने उसके फन पर नृत्य किया था। तुलसी घाट पर इसी प्रसंग का सजीव मंचन किया गया। कुछ ही देर बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर बांसुरी बजाते हुए भगवान श्रीकृष्ण का गंगा की लहरों से बाहर आना श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।


 
Trending Videos
विज्ञापन

काशी राज परिवार के प्रतिनिधि ने भी निभाई परंपरा

भगवान के जल से बाहर आते ही घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए। लोगों ने इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। घाट की सीढ़ियों से लेकर आसपास की इमारतों की छतों तक श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। हर कोई भगवान श्रीकृष्ण की एक झलक पाने को आतुर नजर आया। लीला के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने खुद को धन्य महसूस किया।

इस ऐतिहासिक आयोजन में काशी राजपरिवार के प्रतिनिधि डॉ. अनंत नारायण सिंह ने भी परंपरा के अनुसार सहभागिता निभाई। संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने बताया कि करीब 500 वर्ष पूर्व गोस्वामी तुलसीदास जी ने इस लीला की शुरुआत की थी। तभी से तुलसी घाट पर यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। नागनथैया लीला काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और कृष्ण भक्ति का अनूठा प्रतीक है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन के साक्षी बनने पहुंचते हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें