वाराणसी। सीवरेज ओवरफ्लो होने के मामले में जलकल में सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। इसमें जेई को निलंबित कर दिया गया, वहीं सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। इसके अलावा ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर का निर्देश दिया गया है।
शहर के छित्तुपुर, लल्लापुरा, जगतगंज, चेतगंज, लहंगपुरा, अमर नगर आदि क्षेत्रों में सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या थी। इसकी बार-बार हो रही शिकायत को लेकर महापौर और नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए उसे सही करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी सीवरेज को सही नहीं किया गया था। जलकल सचिव रघुवेंद्र कुमार ने बताया कि इस पर जलकल के जीएम नीरज गौड़ ने पंप हाउस अधीक्षक जेई आनंद कुमार गौरव को निलंबित कर दिया है, जबकि सहायक अभियंता अजय पांडेय और अधिशासी अभियंता महेश चंद्र आजाद से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। चेतगंज वार्ड में सीवरेज की समस्या पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करते हुए एफआईआर कराने का नोटिस दिया है।