वाराणसी। बारिश में जलभराव न हो इसके लिए नालों की सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। नगर निगम की ओर से वरुणा पार में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से निजात दिलाने के लिए बड़े नालों के साथ पुराने नालों की भी सफाई हो रही है। काफी समय बाद भक्ति नगर से बेनीपुर के कुटिया बीर बाबा तक नाले की सफाई शुरू करा दी गई है। इस बारे में नामित पार्षद शैलेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि दस सालों से इसकी सफाई नहीं हो रही थी। इसकी गंभीरता के बारे में अधिकारियों को बताया। जिसके आधार पर नगर निगम ने सफाई कार्य शुरू कराया।
इसी प्रकार नक्खीघाट सामुदायिक केंद्र से वरुणा नदी तक के नाले की सफाई की जा रही है। जीटी रोड स्थित काली मंदिर के सामने से ढेलवरिया पुलिया तक के नाले का सफाई कार्य चल रहा है। नक्खीघाट रेलवे मैदान से शक्कर तालाब तीन पुलिया होते हुए वरुणा नदी तक के नाले को साफ किया जा रहा है। पलोदी पुलिया का नाला, घौसाबाद लक्ष्मी घाट मोहल्ला के मोड़ से राजा बाजार, इसराइल नगर मैदान के मोड़ तक के नाले की सफाई हुई।
शिवपुर में रेलवे क्रॉसिंग से उसर पुरवा राम बगिया होते हुए काशी गोमती ग्रामीण बैंक तक के नाले की सफाई कराई जा रही है। शिवपुर हेलेना बस्ती होते हुए रेलवे लाइन तक के नाले और काशीराम आवास के चारों तरफ ब्लाक के नाले को साफ किया जा रहा है।
सारनाथ में अकथा रूपनपुर मलिन बस्ती के नाले और पंचकोशी रोड, केशव विहार कॉलोनी से लक्ष्मी मंदिर तक नाले को साफ किया जा रहा है। इसी तरह सिकरौल के मल्हनी टोला का नाला, दूध सट्टी स्थित नाला, पांडेपुर से हुकुलगंज मुख्य मार्ग का नाला, सर्किट हाउस गेट से चौरा माता तक नाला, सुधाकर रोड से खजुरी तक का नाला साफ किया जा रहा है।
इस बार लाकडाउन के चलते नालों की अच्छी सफाई हो रही है। सड़क किनारे वाहनों का दबाव नहीं है। जिससे सफाई कराने में आसानी हो रही है। शहर के बड़े नालों और नालियों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। हम लोगों का पूरा प्रयास है कि इस बार बारिश में नालों के चलते सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की समस्या न होने पाए। रामसकल यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।