19 और 20 अप्रैल को महाविद्यालय आएगी नैक की टीम
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। डीएवी पीजी कॉलेज में नैक मूल्यांकन की तैयारियां अब अंतिम चरण में है। आगामी 19-20 अप्रैल को महाविद्यालय में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की टीम का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे में नैक की टीम महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अकादमिक वातावरण सहित अन्य बिंदुओं का निरीक्षण कर मूल्यांकन करेगी।
महाविद्यालय के आईक्यूएसी की समन्वयक डॉ. पारूल जैन ने बताया कि तीसरे चक्र के नैक मूल्यांकन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विभागवार दायित्व के साथ-साथ सभी पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर के विशिष्टजनों के साथ नैक टीम के संवाद का कार्यक्रम भी रखा गया है। साथ ही महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां भी कराई जाएंगी।
इससे पूर्व 2017 में हुए द्वितीय चक्र के नैक मूल्यांकन में महाविद्यालय को ए प्लस की ग्रेडिंग प्राप्त हुई थी। इसके बाद डीएवी पीजी कॉलेज समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश में ए प्लस की ग्रेडिंग प्राप्त करने वाला एकमात्र शैक्षणिक संस्थान बन गया था। यहीं नहीं नैक द्वारा 2018 में डीएवी को नैक मेंटरशिप भी प्रदान किया गया, जिसमें डीएवी ने जनपद के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं को नैक मूल्यांकन के लिए तैयार किया और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा।