काल भैरव मंदिर में रुपये लेकर दर्शन कराने के मामले में कोतवाली पुलिस ने रविवार को पहली बार 10 आरोपियों को मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया। इससे पहले ऐसी कार्रवाई नहीं हुई थी। आरोपियों के खिलाफ शांति भंग सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने दूसरे दलालों को भी चिह्नित किया है। कुछ सेवादारों की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। मंदिर के महंत परिवार और कुछ सेवादारों को कोतवाली में बुलाकर पूछताछ की गई है। इस मुद्दे को रविवार के अंक में प्रमुखता से उठाया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में राजमंदिर निवासी सोनू कन्नौजिया, सिगरा निवासी रुद्र उर्फ विवेक, बिहार के समस्तीपुर बिरहा निवासी संतोष कुमार, रामघाट निवासी साहिल मिश्रा, दशाश्वमेध निवासी रंजीत, बुलानाला निवासी अभिषेक यादव, तेलियाना फाटक निवासी विपिन शर्मा, त्रिपुरा भैरवी घाट निवासी रोशन ठाकुर, लोहता के भड़वरा पाल बस्ती निवासी हर्ष सिंह और चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी निवासी चंद्रलोकीनाथ का नाम शामिल है। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे लोग मंदिर के आसपास पूजा की सामग्री बेचते हैं। यदि कोई मिलता है तो उसे दर्शन कराने में मदद करते हैं।