महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर तुलसी घाट स्थित ध्रुपद तीर्थ से कला साधक संगीत के जरिये भगवान शिव की आराधना करेंगे। बुधवार से शुरू हो रहे इस उत्सव में देश-विदेश के कलाकार हाजिरी लगाएंगे। गंगातट पर पूरी रात संगीत की रसधार प्रवाहित होगी।
महाराज बनारस विद्या मंदिर न्यास और ध्रुपद समिति 49वें अंतरराष्ट्रीय ध्रुपद मेला का शुभारंभ बुधवार को शाम सात बजे काशी नरेश परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह और संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र करेंगे। संगीतज्ञ पद्मश्री राजेश्वर आचार्य की भी मौजूदगी रहेगी।
महंत ने बताया कि ध्रुपद मेला 18 फरवरी महाशिवरात्रि तक चलेगा। इसमें संगीत की प्राचीन विधा पखावज और वीणा वादन के अलावा ध्रुपद गायन के कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन श्याम रस्तोगी सुर बहार, उमाकांत गुंदेचा ध्रुपद गायन, राज खुशीराम पखावज और देवव्रत मिश्रा सुरबहार वादन करेंगे। इसके अलावा देश के विभिन्न संगीत घरानों के कलाकार भी भाग लेंगे।