पुलिस ने पारस यादव के खिलाफ वर्ष 1995 में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उस समय उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ वर्ष बाद जमानत पर बाहर आने के बाद वह मुंबई छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन मुंबई स्थित उसके पुराने पते पर वह नहीं मिला।
इंस्पेक्टर माधवी कड़व के अनुसार, मोबाइल लोकेशन के आधार पर पारस की मौजूदगी गाजीपुर के खानपुर क्षेत्र में पता चली। इसके बाद कांदिवली पुलिस टीम ने दो दिनों तक क्षेत्र में रहकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। मंगलवार देर शाम पुलिस टीम ने अहलादपुर गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के पहुंचने की जानकारी होने पर पारस ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर माधवी कड़व, हेड कांस्टेबल जाय भाय, कांस्टेबल चौहान और हेड कांस्टेबल वामन जाय भाय शामिल रहे।
पिता की हत्या का भी लग चुका है आरोप
पुलिस के मुताबिक, पारस पर अपने पिता शंकर यादव की हत्या का भी आरोप है। आरोप है कि उसने पतरही स्थित ब्रह्म बाबा मंदिर के पास पिता की हत्या कर शव छोड़ दिया था। इस मामले में चंदवक पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब दो वर्ष बाद वह जमानत पर बाहर आया था। ग्रामीणों ने उसके बड़े भाई भरत यादव, जो दिव्यांग हैं, को संपत्ति में हिस्सा नहीं देने और विवाद के दौरान हत्या की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पारस क्षेत्र में पारस उर्फ बाबा के नाम से चर्चित था। उसके खिलाफ हत्या के दो और मारपीट का एक मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।
मुंबई की कांदिवली पुलिस ने अहलादपुर निवासी पारस यादव पुत्र शंकर को बुधवार को गिरफ्तार कर गाजीपुर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद मुंबई पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। - रोहित मिश्रा, थानाध्यक्ष, खानपुर।