निकाय चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने जोरशोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी पार्टियों का फोकस बूथ को मजबूत करने पर है। कोई पार्टी एक बूथ पर दस और कोई एक बूथ पर पांच कार्यकर्ताओं को नियुक्त कर रही है ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। उधर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां चल रही हैं। लोगों को अधिसूचना के जारी होेने का इंतजार है।
भाजपा महानगर के निकाय चुनाव प्रभारी जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि हम लोगों का पूरा जोर बूथ को मजबूत करने पर है। एक एक बूथ पर पन्ना प्रमुख बनाए जा रहे हैं। बूथ को मजबूत करने से पार्टी मजबूत होगी। इसी को ध्यान में रखकर संगठन के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है।
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां की गई हैं। सभी 100 वार्डों में वार्ड कमेटी का गठन किया जा रहा है। एक बूथ पर दस कार्यकर्ताओं को लगाया जा रहा है। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि हर वार्ड के बूथों को मजबूत किया जा रहा है। बूथों पर कार्यकर्ताओं को लगाया जा रहा है ताकि पार्टी के प्रत्याशी को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए। बसपा जिलाध्यक्ष राजेश भारती ने कहा कि बूथ कमेटी को सक्रिय किया गया है। जहां जरूरत है वहां कर्मठ कार्यकर्ताओं को लगाया जा रहा है।