गाजीपुर। मुख्तार अंसारी (स्वर्गीय) के आईएस-191 गैंग का सहयोगी/सदस्य वारंटी गणेश दत्त मिश्रा को चेक बाउंस के दो मामलों में शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। करीब सवा तीन घंटे बाद कोर्ट से जमानत मिलने पर रिहा हो गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के श्रीराम कॉलोनी रौजा गणेश दत्त मिश्रा प्रापर्टी डीलर का काम करता है। न्यायालय सिविल जज (एसडी एफटीसी) द्वारा चेक बाउंस के दो मामलों में एनबीडब्लू जारी किया गया था। आरोप है कि जमीन के खरीद-फरोख्त मामले में गणेश ने गीता राय पत्नी अरविंद राय निवासी ददरी को 45 लाख के और सुषमा श्रीवास्तव पत्नी बलदाऊजी श्रीवास्तव को 55 लाख के चेक दिए थे। दोनों ही चेक बाउंस होने पर सुषमा श्रीवास्तव और गीता राय ने अलग-अलग दो मुकदमे एनआई एक्ट के अंतर्गत प्रस्तुत किया। मुकदमों में आरोपी गणेश दत्त मिश्रा के उपस्थित न होने पर न्यायालय ने गैर जमानती वारंट का आदेश पारित किया। वारंट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गणेश दत्त मिश्रा को उसके घर श्रीराम कॉलोनी रौजा से सुबह 11.10 बजे गिरफ्तार कर लिया। उधर,न्यायालय में आरोपी के अधिवक्ता ने जमानत की अर्जी दी जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने आरोपी को जमानत पर दोपहर 2:30 बजे छोड़ दिया। एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र के मुताबिक गणेश दत्त मिश्रा मुख्तार अंसारी (स्वर्गीय) के आईएस-191 गैंग का सहयोगी/सदस्य है। आरोपी के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पांच मऊ जिले में और चार शहर कोतवाली में दर्ज हैं। दो वर्ष पहले ईडी और सीबीआई भी गणेश दत्त मिश्रा से पूछताछ कर चुकी है।