टांडाकला कैथी गंगा घाट पर नदी में पीपापुल जोड़ते कर्मचारी। स्रोत:-जागरूक पाठक
टांडा-कैथी गंगा घाट पर पीपा पुल जोड़ने का काम शुरू हो गया है। गंगा का जलस्तर सामान्य होने के बाद पीडब्ल्यूडी और संबंधित टीम पुल के पांटून जोड़ने में जुट गई है। पुल तैयार होने के बाद इस मार्ग पर आवागमन बहाल हो जाएगा। इससे चंदौली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ आने-जाने में राहत मिलेगी।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए नियमानुसार प्रत्येक वर्ष 15 जून की मध्यरात्रि को पुल हटा दिया जाता है। इसके बाद गंगा का जलस्तर सामान्य होने पर इसे दोबारा जोड़ने का काम शुरू होता है। पीपा पुल नहीं होने से चंदौली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वाराणसी, जौनपुर और आजमगढ़ जाने के लिए करीब 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। वहीं, प्रसिद्ध मार्कंडेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सैदपुर या चौबेपुर होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। पुल चालू होने से दैनिक यात्रियों के साथ श्रद्धालुओं का समय और ईंधन दोनों बचेंगे। घाट दरोगा दीना सिंह ने बताया कि पीपा पुल जोड़ने का काम तेजी से कराया जा रहा है। मौसम अनुकूल रहा तो आगामी 20 दिनों के भीतर निर्माण पूरा कर पुल को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।