खुटहन। पिलकिछा गांव निवासी विवाहिता की फंदे से लटककर मौत होने के मामले में दर्ज दहेज हत्या की आरोपी सास सरोजा और ससुर दशरथ अग्रहरि को पुलिस ने मंगलवार को आंबेडकर नगर जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष जेपी यादव ने बताया कि बीते 29 जुलाई को गांव निवासी शशि अग्रहरि की पत्नी किरन अग्रहरि का शव घर के आंगन में फंदे से लटकता मिला था। इस मामले में मृतका के भाई अखिलेश अग्रहरि ने तहरीर देकर दहेज न मिलने पर हत्या का आरोप लगाया था। तहरीर में उसने बताया था कि उसकी बहन की शादी तीन साल पहले शशि के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। पति, सास और ससुर की प्रताड़ना से तंग आकर किरन ने फंदे से लटककर जान दे दी। उन्होंने बताया कि तहरीर के के आधार पर पति के अलावा सास सरोजा और ससुर दशरथ अग्रहरि पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर घटना के दूसरे दिन पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मंगलवार को विवाहिता के सास-ससुर को आंबेडकर नगर जिले के पुलिस चौकी चनहा, थाना भीटी के बढ़या गांव से गिरफ्तार किया गया।