उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में अपने घर में एक महिला टीवी देख रही थी। उसके साथ उसके दो मासूम बच्चे भी थे। फिर अचानक कुछ ऐसा हुआ कि घर में कोहराम मच गया।
मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के कोल्हड़ गांव में एक घर में रविवार दिन में शार्ट सर्किट से आग लगने से दो बच्चों और उनकी मां की झुलसकर मौत हो गई।
कोल्हड़ निवासी राम सहाय की पत्नी शीला देवी दो बच्चों आजाद (3) और तीन माह की बच्ची के साथ सुबह करीब दस बजे कमरे में टेलीविजन देख रही थी। इसी बीच उसे नींद आ गई, जबकि उसका बेटा जाग रहा था। 11 बजे अचानक तारों में स्पार्किंग होने लगी और देखते ही देखते आग लग गई।
शीला, उसका बेटा आजाद और बच्ची आग में घिर गईं। लगभग एक घंटे बाद धुआं निकलता देख उसका भतीजा आकाश शोर मचाने लगा। लोग जुट गए और दरवाजा पीटने लगे। दरवाजा नहीं खुला तो ग्रामीण घर के पीछे का छप्पर हटा कर दीवार काटकर अंदर घुसे और किसी तरह आग बुझाई।
लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दे दी। दमकलकर्मियों ने पहुंच कर थोड़ी बहुत बची आग को बुझाया। हादसे में मां और उसके दोनों बच्चों की मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार राम सहाय मजदूरी करता है। जिस समय हादसा हुआ, वह काम पर गया था। रामसहाय की बड़ी बेटी रानी (12) घर से दो किलोमीटर दूर ननिहाल में थी।