मिर्जापुर जिले के निकरिका गांव में बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मां-पुत्री की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों ने सर्पदंश से मौत की बात कहकर पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
निकरिका गांव निवासी कमलावती (40) पत्नी सुग्रीव व उसकी पुत्री नीलम (16) बृहस्पतिवार की रात घर में अचेत मिली। परिजन मां-पुत्री को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। लेकिन कमलावती ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि नीलम की अस्पताल में मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि रात में सोते समय सर्प ने मां-बेटी को डस लिया था। इससे उनकी मौत हो गई। हालांकि सीएचसी के डाक्टर के अनुसार जहरीले जंतु के काटने के निशान दिखाई नहीं दिए थे। मड़िहान कोतवाली निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार, सर्पदंश से मौत हुई है। इस आधार पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।