मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्नी परवीन से मिले खेल निदेशक
- फोटो : अमर उजाला
पद्मश्री ओलंपियन मो. शाहिद की स्मृति में वाराणसी में हर साल अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। लीग कम नाकआउट के आधार पर खेली जाने वाली प्रतियोगिता में विजेता टीम को दो लाख, उपविजेता को एक लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
इस घोषणा के बाद मो. शाहिद की पत्नी परवीन ने दिल्ली जाकर मो. शाहिद को मिले पदक लौटाने का फैसला टाल दिया है। प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कहा, मो. शाहिद बनारस ही नहीं, पूरे हिंदुस्तान की शान हैं।
प्रदेश सरकार उनके परिवार को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मो. शाहिद की बरसी पर सिंह उनके आवास पर पहुंचे और उनकी पत्नी परवीन से मुलाकात की। उन्होंने सरकार के निर्णय से परवीन को अवगत कराया। कहा, स्पोर्ट्स कैलेंडर के वर्तमान सत्र में ही प्रतियोगिता की तिथि जल्दी ही घोषित की जाएगी।
खेल निदेशक ने बताया कि अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन लालपुर स्थित एस्ट्रोटर्फ के मैदान पर किया जाएगा। विभाग इस आयोजन को हर साल कराएगा।