वाराणसी में ट्रैफिक जाम
- फोटो : अमर उजाला
शहर में पितृ विसर्जन और पर्यटकों की भीड़ से बाहरी वाहनों का दबाव अधिक है। गया से भी श्रद्धालुओं का पलट प्रवाह है। ऐसे में एमएलसी नामांकन में प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़, वाहनों के काफिले के चलते सुबह से ही शहर की सड़कें चोक होना शुरू हुईं।
मंडुवाडीह, फुलवरिया फोरलेन, हॉकी चौराहा, सनबीम वरुणा मार्ग समेत जेपी मेहता रोड और कचहरी के सभी मार्गों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के वाहन ही दिखाई दिए। हाल यह हुआ कि फुलवरिया फोरलेन मार्ग पर हॉकी चौराहा पूरा चोक हो गया। दोपहर 12 बजे के बाद से इस तरफ वाहन सिर्फ रेंगते ही रहे।
जाम से बचने के लिए वाहन सवार छावनी क्षेत्र की तरफ बढ़े तो इधर भी जाम लग गया। काशी जोन में शाम के समय वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते जाम के कारण राहगीरों को परेशानियां उठानी पड़ीं। यातायात पुलिस के कंट्रोल रूम का नंबर शाम से लेकर देर शाम तक घनघनाते रहे। पुलिस थानों की फोर्स भी सड़क पर उतरी।
क्या बोले अधिकारी
नामांकन के साथ ही पितृ विसर्जन के पलट प्रवाह की भीड़ से अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया। उधर, रथयात्रा क्षेत्र में खोदाई ने भी जाम को बढ़ाया। थानों और यातायात पुलिस की अतिरिक्त फोर्स लगाकर जाम को छुड़ाया गया। -अंशुमान मिश्रा, एडीसीपी यातायात