लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में गत सात अप्रैल की सुबह एक युवती की मां ने 12 नामजद और 11 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया था। युवती की मां के अनुसार उनकी बेटी 29 मार्च को अपनी सहेली के घर गई थी।
वापसी के दौरान उसे राज विश्वकर्मा मिला और लंका स्थित अपने कैफे ले गया। इसके बाद से 3 अप्रैल तक शहर के अलग-अलग स्थान पर अलग-अलग आरोपियों ने उनकी बेटी को नशीला पदार्थ पिलाकर और खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। 4 अप्रैल को उनकी बेटी घर आई और आपबीती सुनाई तो केस दर्ज कराया।
पहले दोस्त, फिर उसके दोस्तों ने किया दुष्कर्म
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि युवती और सीर करहिया निवासी राज विश्वकर्मा की जान-पहचान पहले से थी। युवती को विश्वास में लेकर राज विश्वकर्मा उसे लंका स्थित अपने कैफे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद राज के दोस्त युवती को दूसरे स्थान पर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
हुक्का बार पर कार्रवाई के निर्देश, होटलों की चेकिंग
युवती के अनुसार उसके साथ होटल और कैफे में भी सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इसी आधार पर एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने चेतगंज, भेलूपुर और कैंट सर्किल के एसीपी, थानाध्यक्षों और चौकी इंचार्जों को हुक्का बार को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही होटलों की औचक जांच की जा रही है।
बोले अधिकारी
अब तक 12 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। पीड़िता के बयान, सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की सात टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। - चंद्रकांत मीना, डीसीपी वरुणा जोन।