स्थानीय लोगों का कहना था कि अकसर मोबाइल छीनने सहित छोटी घटनाओं को मंडुवाडीह थाने की पुलिस रफा-दफा कर देती है। उसी का नतीजा है कि मंडुवाडीह थाने से लगभग 200 मीटर दूर मंडुवाडीह चौराहे पर बदमाशों ने सरेराह हेड कांस्टेबल की पत्नी की चेन लूट ली। उधर, डीसीपी वरुणा जोन ने मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय को उनके क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर कड़ी फटकार लगाई। कहा कि घटना का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
वरुणा जोन: हत्या की तीन और लूट की तीन घटनाओं का खुलासा बना चुनौती
कमिश्नरेट के वरुणा जोन में गत एक महीने में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। हत्या की तीन और लूट की तीन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अंधेरे में तीर चलाते नजर आ रही है। इसके चलते पीड़ित परेशान हैं और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
चोलापुर थाना क्षेत्र के गुरवट गांव में किराये पर रहने वाले संतोष सिंह और उसकी पत्नी आरती की हत्या गत 12 अगस्त की रात की गई थी। लाख प्रयास के बाद भी पुलिस इस मामले की गुत्थी नहीं सुलझा सकी। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी तो स्थिति स्पष्ट होगी।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिरनाथीपुर गांव में सिगरेट न देने पर 12 सितंबर की आधी रात बाद दुकानदार शारदा यादव की गोली मार हत्या कर दी गई। पुलिस ने साजिशकर्ता और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मगर, गोली मारने वाले कौन थे, यह अभी भी पहेली बना हुआ है।
इसी तरह से गत 18 सितंबर को रोहनिया थाना क्षेत्र के खनाव गांव में बदमाशों ने व्यापारी बृजपाल की चेन बदमाशों ने छीन ली थी। इसके बाद चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज चौराहे के पास वृद्धा शीला पांडेय की चेन बदमाशों ने छीन ली थी। फिर, भदवर में वंदना पाठक का आभूषण और नकदी से भरा पर्स बदमाश लूट लिया था।