लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी स्थित स्टाफ कॉलोनी के पास बृहस्पतिवार रात डेढ़ बजे पांच हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव अपने दो साथियों के साथ पहुंचा। उसने धमकाने के लिए अनीस कुमार गौतम पर दो राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, इस जानलेवा हमले में अनीस बच गया। भागने के दौरान हिस्ट्रीशीटर को स्थानीय युवकों ने पकड़ लिया।
हिस्ट्रीशीटर को थाने ले गई पुलिस
हिस्ट्रीशीटर की पिटाई के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने आई। यहां तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से भाग निकले। दोनों की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस जांच में सामने आया कि अंगद यादव के खिलाफ गाजीपुर के खानपुर और करंडा समेत अन्य थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से असलहा बरामद कर लिया है।