पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश के खिलाफ दो थानों में दर्ज हैं कई मुकदमे
- फोटो : अमर उजाला
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने एक बदमाश को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में रहे बदमाश को रिंगरोड स्थित ऐढ़े हेलीपेड के पास चेकिंग के दौरान लालपुर चौकी इंचार्ज संतोष यादव ने गिरफ्तार किया।
बदमाश के कब्जे से पुलिस को 38 बोर का पिस्टल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार कैंट और शिवपुर थाने में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी वरुणा जोन के अनुसार गिरफ्तार बदमाश भोजूबीर स्थित यूपी कॉलेज के पास का रहने वाले दीपक गुप्ता है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।
अपराधियों और चेन स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लालपुर पुलिस ने रिंग रोड के पास चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बदमाश किसी घटना को अंजाम देने की नियत से रिंगरोड की तरफ जा रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए बदमाश को गिरफ्तार किया।