वाराणसी। साप्ताहिक बंदी के दौरान शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र में कूड़ा खाना के समीप खुली दुकानें बंद कराने पहुंचे अस्सी चौकी के सिपाहियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई की गई। बीचबचाव करने आए दो दरोगा के साथ भी बदसलूकी की गई। मौके पर पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
भेलूपुर थाने की अस्सी चौकी के सिपाही मनोज कुमार साहू और श्याम सुंदर के अनुसार दोनों गश्त पर निकले थे। शिवाला में कूड़ा खाना के समीप दो-तीन दुकानें खुली थीं और वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। दोनों ने दुकानें बंद करने के लिए कहा तो एक युवक अनायास ही उलझ गया और अचानक पीछे से लोगों की भीड़ आ गई। इस दौरान हुई कहासुनी और हाथापाई में सिपाही मनोज साहू के पैर और श्याम सुंदर की आंख के पास चोट लगी। इसके साथ ही भीड़ में शामिल लोगों ने मौके पर बीचबचाव के लिए आए एक दरोगा की बांह पर लगा बैज नोच कर फेंक दिया और चौकी इंचार्ज अस्सी दीपक कुमार के साथ भी बदसलूकी और धक्कामुक्की की। सूचना के बाद मौके पर एसीपी भेलूपुर, पुलिस और पीएसी के साथ एडीसीपी काशी जोन मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस को देखकर भीड़ में शामिल लोग मौके से खिसक लिए। इसके बाद पुलिस बल ने क्षेत्र में रूट मार्च किया। एडीसीपी काशी जोन विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि एहतियातन मौके पर फोर्स तैनात कर दी गई है। दरोगा और सिपाही की तहरीर के आधार पर संबंधित लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, दूसरे पक्ष ने भी सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर वीडियो शेयर कर खुद को निर्दोष और पुलिसकर्मियों पर अनावश्यक परेशान करने का आरोप लगाया है।