वाराणसी। विश्व सुंदरी पुल के नीचे गंगा में मिले शव की पहचान शुक्रवार को मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना के बाराडीह गांव निवासी पुनीत विश्वकर्मा (18) के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
विश्व सुंदरी पुल के नीचे बुधवार की शाम गंगा में एक युवक का शव मिला था। लंका थाने की पुलिस शव की पहचान कराने में सफल नहीं हो सकी थी। बाराडीह निवासी कन्हैया लाल विश्वकर्मा रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार को मोर्चरी हाउस पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा बीते 24 अप्रैल की शाम घर से कोचिंग गया था। उसके बाद वापस घर नहीं आया। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं लगा। 25 अप्रैल को पुनीत की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।