गंगा किनारे के 38 गांवों में अभियान चलाकर पंचायती राज विभाग कराएगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। गंगा किनारे 38 गांवों को तीन श्रेणियों में बांट कर पंचायती राज विभाग काम कराएगा। इसके लिए एक मई से विशेष अभियान चलेगा। अभियान में गांवों को एस्पायरिंग, राइजिंग और मॉडल श्रेणी में बांटा जाएगा और वहां एक महीने के अंदर विकास कार्यों को पूरा कराया जाएगा।
साथ ही लोगों की जागरूकता के लिए स्वच्छता रैली व प्रतियोगिताएं भी होंगी। जिला पंचायत राज अधिकारी आदर्श पटेल ने बताया कि एक मई से शुरू होने वाले अभियान में गांवों को ओडीएफ बनाने के लिए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। जो गांव ओडीएफ प्लस की श्रेणी में नहीं हैं, वे गांव एस्पायरिंग, राइजिंग और मॉडल गांवों की श्रेणी में रखे जाएंगे। उन सभी नालों व नालियों को बंद किया जाएगा जो सीधे गंगा में या सहायक नदियों में गिर रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों आदि से कूड़े हटाए जाएंगे। विद्यालयों में निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता होगी और गांवों के प्रमुख स्थानों पर ओडीएफ प्लस श्रेणी से संबंधित पांच वाॅल पेंटिंग बनाई जाएंगी।